लखनऊ : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में संपत्ति विवाद को लेकर एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार देर रात बारिक खास गांव में हुई। मृतक श्याम सुंदर को उसके घर के बाहर गोली मारी गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके भाई बृजमोहन पर भारी वस्तु से हमला किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि दोनों भाई अपने नाना के घर में रहते थे। नाना के कोई पुत्र नहीं थे और उन्होंने अपनी संपत्ति श्याम सुंदर को दे दी थी। इसी बात को लेकर परिवार में नाना के भतीजे से रंजिश चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को श्याम सुंदर अपने खेत में चारा काटने गया था जहां उसका आरोपित धनवीर सिंह से विवाद हो गया। धनवीर सिंह परिवार से ही संबंधित बताया गया है।
इसके बाद रात में आरोपी श्याम सुंदर के घर पहुंचा और जैसे ही वह बाहर आया उस पर गोली चला दी। इस हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल बृजमोहन को सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी धनवीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है