मुंबई : एक दिन की छुट्टी के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार शुरुआत की और पूरे दिन तेजी का माहौल बना रहा। BSE Sensex और Nifty 50 दोनों में शुरुआत से ही उछाल देखा गया।
दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1263.67 अंक बढ़कर 78,111.24 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 में 388.65 अंकों की बढ़त के साथ यह 24,231.30 के स्तर पर पहुंच गया। Bank Nifty में भी शानदार तेजी देखने को मिली और यह 696.90 अंक बढ़कर 56,301.95 पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, रुपये की मजबूती और एशियाई बाजारों में तेजी का सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। विनोद नायर ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेत से बाजार को मजबूती मिली है। कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत के 10 साल के बॉन्ड यील्ड और वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट आई है जो बाजार में स्थिरता का संकेत देती है। पावर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई।
कंपनियों की बात करें तो InterGlobe Aviation के शेयर में सबसे ज्यादा 4.53% की बढ़त रही। इसके अलावा Eternal और Power Grid Corporation of India में भी करीब 4.11% की तेजी देखी गई। Tech Mahindra और Tata Consultancy Services के शेयर भी मजबूत हुए।हालांकि बाजार की इस तेजी के बीच Bharti Airtel और ICICI Bank के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
कुल मिलाकर, बाजार में आई यह तेजी निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।