नई दिल्ली/रायपुरः वेदांता पावर लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित सिंहितराई पावर प्लांट में हुए बॉयलर विस्फोट के बाद मृतकों और घायलों के परिजनों के लिए सहायता पैकेज की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को 35 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी और साथ ही उन्हें रोजगार सहायता भी प्रदान की जाएगी। वहीं घायलों को 15 लाख रुपये की सहायता राशि देने के साथ-साथ उनके स्वस्थ होने तक वेतन जारी रखा जाएगा।
मंगलवार को हुए इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 15 अन्य घायल हुए थे। कंपनी ने बयान में कहा कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और आर्थिक मदद के अलावा परामर्श सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
वेदांता पावर ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटना में शामिल अधिकांश कर्मचारी ठेकेदार कंपनियों जैसे एनजीएसएल, से जुड़े थे। वे प्लांट के संचालन और रखरखाव का काम संभालते हैं। कंपनी का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन और चिकित्सा टीमों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
इस बीच रायगढ़ के एसडीएम महेश शर्मा ने बताया कि घटना की जांच जारी है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।