राज्य के सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षक व गैर शिक्षा कर्मियों का बकाया महंगाई भत्ता (DA) मिलने का मामला एक कदम और आगे बढ़ा। मिली जानकारी के अनुसार शिक्षकों के बकाया DA से संबंधित दस्तावेज राज्य के प्रशासनिक मुख्यालय नवान्न में पहुंच चुका है।
शिक्षा विभाग सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस सप्ताह ही इन दस्तावेजों को विकास भवन से नवान्न भेज दिया गया है। इस दस्तावेज में अध्यापकों, शिक्षकों व गैर शिक्षाकर्मियों के बारे में सभी जानकारियां मौजूद हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग की ओर से अलग-अलग बकाया DA का हिसाब शुरू किया गया था। विभिन्न विश्वविद्यालयों से अध्यापकों व अन्य कर्मचारियों में किसका कितना DA मिलना है, उससे संबंधित दस्तावेज इकट्ठा किया गया। इन सभी तथ्यों को एक जगह पर जमा कर उसे नवान्न भेजा गया।
Read Also | DA West Bengal : फैमिली पेंशनभोगियों के बकाया DA को लेकर दिशा-निर्देश जारी, हेल्पलाइन शुरू
बताया जाता है कि नवान्न से हरी झंडी मिलने के बाद ही बकाया DA वितरित करने से संबंधित प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बकाया DA देने के मामले में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। जानकारों का मानना है कि इस कदम की वजह से स्कूल-कॉलेज के शिक्षक-अध्यापकों को उनका DA मिल सकता है। अगर विकास भवन से भेजी गयी फाइल को अनुमोदन मिल जाता है तो अगले कदम की हरी झंडी भी मिल जाएगी।