बंगाल की सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में काम करने के आरोप में चुनाव आयोग ने 5 BLO को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी BLO के खिलाफ विचार-विभागिय जांच के साथ-साथ एफआईआर करने का भी आदेश दिया गया है। पांचों आरोपी BLO में उत्तर 24 परगना के अशोकनगर विधानसभा केंद्र के तीन और बाकी दो बीरभूम के दूबराजपुर और मयूरेश्वर से हैं।
उत्तर 24 परगना जिले के जिन 3 BLO को सस्पेंड किया गया है उनमें अभिजीत दे (पार्ट नंबर 281), तपन कुमार साहा (पार्ट नंबर 282) और कुमारजीत दत्त (पार्ट नंबर 205) शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ भाजपा के सौम्य हीरा ने फोटो समेत सबूत जमा कर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवायी थी।
आरोप है कि ये सभी अपने-अपने इलाके में तृणमूल के समर्थन में दीवार लेखन से लेकर अन्य प्रकार से चुनाव प्रचार के कार्यों में शामिल थे। इसके बाद पहले इन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद चुनाव आयोग ने उक्त कार्रवाई की।
Read Also | भवानीपुर में ममता बनर्जी के प्रत्याशी पद के प्रस्तावक के घर पर आयकर का छापा
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें से एक अभियुक्त कुमारजीत ने कारण बताओ नोटिस का जवाब देने से भी इनकार कर दिया था। इन तीनों के खिलाफ विचार विभागिय जांच के आदेश दिए गए हैं।
साथ ही उक्त विधानसभा केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने चुनाव आयोग के आदेश पर अशोकनगर थाना में इन तीनों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवायी है।
बीरभूम के दूबराजपुर की मंजूरी चट्टोपाध्याय (पार्ट नंबर 112) पर आरोप है कि वह तृणमूल के पार्टी ऑफिस में बैठकर मतदाताओं को वोटर स्लीप वितरित कर रही थी। वहीं मयूरेश्वर ककी बीएलओ पर आरोप है कि वोटर स्लिप वितरित करने जाते समय वह जिस साइकिल पर जा रहे थे, उस पर तृणमूल का झंडा लगा हुआ था। उनके खिलाफ भी सबूत समेत शिकायत दर्ज करवायी गयी थी। जांच में शिकायत सही साबित होने पर उनके खिलाफ भी विभागीय जांच के आदेश देते हुए एफआईआर करने के आदेश दिए गए हैं।