पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण (23 अप्रैल) में महज कुछ दिनों का समय रह गया है। उससे पहले राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल के प्रत्याशी देवाशीष कुमार के घर पर शुक्रवार की सुबह आयकर की टीम पहुंच गयी। मिली जानकारी के अनुसार रासबिहारी के विधायक व इसी सीट से तृणमूल प्रत्याशी देवाशीष कुमार के घर व चुनावी कार्यालय पर आयकर ने छापेमारी की। शुक्रवार की सुबह आयकर विभाग के अधिकारियों ने उनके मनोहर पुकुर स्थित घर पर ही छापेमारी की।
मिली जानकारी के अनुसार पहले आयकर (Income Tax) विभाग की टीम देवाशीष कुमार के घर पर पहुंची और उसके कुछ देर बाद ही IT की एक और टीम उनके चुनावी कार्यालय में पहुंच गयी। चुनाव से ठीक पहले सत्ताधारी पार्टी के प्रत्याशी के घर व चुनावी कार्यालय में आयकर विभाग की छापेमारी की वजह से काफी हंगामा मच गया है।
Read Also | महिला आरक्षण बिल के साथ क्यों Delimitation को जोड़ा जा रहा है? बंगाल विभाजन की साजिश : ममता बनर्जी
बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे देवाशीष कुमार के मनोहर पुकुर स्थित घर पर आयकर की टीम पहले पहुंची। उनके साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे। बताया जाता है कि उस समय अपने घर पर ही वह मौजूद थे। कुछ देर बाद आयकर विभाग की एक और टीम उनके चुनावी कार्यालय भी पहुंच गयी।
वहां तलाशी अभियान चलाया गया। पूरे इलाके को केंद्रीय बल के जवानों ने घेर रखा था। जैसे ही तलाशी अभियान की जानकारी मिली तुरंत देवाशीष कुमार के समर्थक उनके घर के पास पहुंच गए और उनके घर के सामने इस तलाशी अभियान को लेकर विरोध जताना शुरू कर दिया।
तृणमूल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव से पहले जानबुझकर सत्ताधारी पार्टी के घर पर आयकर विभाग की छापेमारी करवायी जा रही है। तृणमूल समर्थकों का आरोप है कि आयकर विभाग के अधिकारियों ने ताला तोड़कर चुनावी कार्यालय में प्रवेश किया। उनका दावा है कि उस कार्यालय में सिर्फ देवाशिष कुमार ही नहीं बल्कि शोभनदेव चट्टोपाध्याय के भी चुनाव से संबंधित कई दस्तावेज मौजूद हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देवाशीष कुमार पर जमीन को लेकर हुए एक घोटाले का आरोप लगाया गया था। उसमें आर्थिक भ्रष्टाचार का आरोप उनके खिलाफ लगाया गया है जिसके आधार पर आयकर विभाग ने यह छापेमारी की। इससे पहले इसी घोटाले की जांच के दौरान ED दो बार देवाशीष कुमार को तलब भी कर चुकी है।