पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा कुचबिहार में पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि यहां दीदी (मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) डर गयी हैं। उन्हें डर है कि गोमांस की बिक्री को बंद कर दिया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने घुसपैठ के मुद्दे को भी उठाया।
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल-भाजपा के राजनीतिक प्रचार के दौरान मांस-मछली का मुद्दा अक्सर उठ रहा है। भाजपा शासित राज्यों में मांस-मछलियों की सार्वजनिक रूप से बिक्री पर पाबंदी को हथियार बनाकर तृणमूल मैदान में उतर रही है। इसका पलटवार करते हुए भाजपा प्रत्याशी भी मछली लेकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
इस विवाद के बाद ही मीडिया के सामने हिमंत बिस्वा सरमा ने अपना बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व भारत में कई जगहों पर ही मां काली की पूजा होती है। कामाख्या देवी की पूजा होती है, वहां बलि भी चढ़ायी जाती है। कहीं मांस-मछली खाने पर पाबंदी नहीं है। वास्तव में दीदी डर गयी हैं कि यहां गोमांस की बिक्री बंद हो जाएगी। मांस-मछली तो असम में भाजपा सरकार के शासन में बंद नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल से ही सबसे ज्यादा गायों की तस्करी होती है।
Read Also | ममता बनर्जी उदार हो सकती हैं, लेकिन... शुभेंदु अधिकारी के गढ़ से अभिषेक बनर्जी ने किसे दी चेतावनी?
विधानसभा चुनाव में राज्य में घुसपैठ के मुद्दे को भाजपा सबसे अधिक महत्व दे रही है। भाजपा का दावा है कि राज्य में घुसपैठ को रोकने के लिए ही SIR किया गया है। आज (गुरुवार) हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की कई जगहों पर सीमा खुली हुई है।
ममता बनर्जी जमीन नहीं देती हैं। हम भले ही कितना भी घुसपैठ रोकने की कोशिश कर लें, इस राज्य में वह व्यर्थ ही होगा। पूर्वोत्तर भारत को बचाने के लिए राज्य की सीमा पर कांटेदार तार की बाड़ लगाना बहुत जरूरी है। ममता बनर्जी की सरकार के रहते हुए ऐसा नहीं हो सकता है।
बिस्वा ने आगे कहा कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार होगी तो त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल की सीमा को लेकर एक कांटेदार तार की बाड़ लगेगी जहां इलेक्ट्रिक लगाया जाएगा। अगर कोई घुसपैठिया या तस्कर सीमा पार करने की कोशिश करता है तो उसे रोका जा सकेगा।
बता दें, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा गुरुवार को कुचबिहार 1 ब्लॉक के फलिमारी में कुचबिहार दक्षिण के भाजपा प्रत्याशी रथींद्र बोस के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे।