🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मुंबई इंडियंस में बड़ा बदलाव, सीजन के बीच टीम में शामिल हुआ नया ऑलराउंडर

बुमराह के खराब फॉर्म के बीच MI ने युवा पेसर कृष भगत को दिया मौका।

By रजनीश प्रसाद

Apr 16, 2026 15:39 IST

मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खराब प्रदर्शन से जूझ रही मुंबई इंडियंस (MI) ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले टीम में बड़ा बदलाव किया है। टीम ने 21 वर्षीय युवा पेसर-ऑलराउंडर कृष भगत को अपने स्क्वॉड में शामिल किया है। इस फैसले के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या टीम का भरोसा जसप्रीत बुमराह पर कम हो रहा है।

इस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक चार मैच खेले हैं जिनमें केवल एक जीत मिली है और वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। कप्तान रोहित शर्मा की चोट ने भी टीम की चिंता बढ़ाई है। वहीं टीम के प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी फॉर्म में नहीं हैं और चार मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं।

दरअसल मुंबई इंडियंस ने नीलामी में 30 लाख रुपये में अथर्व आंकोलेकर को टीम में शामिल किया था। यह खिलाड़ी 2019 के अंडर-19 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर चर्चा में आए थे और फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने थे लेकिन इस सीजन रणजी ट्रॉफी के दौरान मेनिस्कस चोट के कारण वह IPL से बाहर हो गए।

अथर्व के चोटिल होने के बाद उनकी जगह लेने के लिए मुंबई ने पंजाब के युवा खिलाड़ी कृष भगत को टीम में मौका दिया है। कृष पहले भी मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल दे चुके हैं और अब उन्हें मुख्य टीम में शामिल किया गया है।

कृष भगत भले ही प्रतिभाशाली हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका अनुभव सीमित है। उन्होंने अब तक सात प्रथम श्रेणी और नौ लिस्ट ए मैच खेले हैं। वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के साथ-साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया और एक मैच में तीन विकेट भी लिए।

अब अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो खुद को साबित करना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी। टीम के प्रमुख गेंदबाज बुमराह और कप्तान हार्दिक पांड्या फॉर्म में नहीं हैं ऐसे में तेज गेंदबाजी में मजबूती लाने की जिम्मेदारी इस युवा खिलाड़ी पर होगी।

Articles you may like: