🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पैट कमिंस की वापसी से SRH को राहत, ईशान किशन की कप्तानी पर सस्पेंस

SRH में बदलाव के संकेत, कमिंस की वापसी के बाद ईशान की भूमिका पर नजर

By रजनीश प्रसाद

Apr 16, 2026 13:47 IST

हैदराबाद : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए राहत भरी खबर आई है। टीम के प्रमुख खिलाड़ी पैट कमिंस अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं और 17 अप्रैल को भारत लौटकर टीम से जुड़ेंगे। सिडनी में हुए ताजा स्कैन में उनकी पीठ की चोट पूरी तरह ठीक पाई गई है। हालांकि फिटनेस मिलने के बावजूद उनका तुरंत प्लेइंग इलेवन में शामिल होना आसान नहीं होगा।

कमिंस ने पहले ही संकेत दिया था कि वह 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से वापसी का लक्ष्य बना रहे हैं। ऐसे में 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में उनका खेलना संभव नहीं है, क्योंकि वह मैच से ठीक एक दिन पहले टीम से जुड़ेंगे। वहीं 21 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भी उनके खेलने पर संशय बना हुआ है।

गौरतलब है कि एशेज सीरीज के बाद से कमिंस ने कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 से भी दूरी बनाई थी ताकि पूरी तरह फिट हो सकें। उनकी वापसी को लेकर टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता और धीरे-धीरे उनके वर्कलोड को बढ़ाया जा रहा है।

इस सीजन में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। मिचेल स्टार्क अभी एनओसी का इंतजार कर रहे हैं कैमरून ग्रीन शुरुआत में गेंदबाजी नहीं कर पाए और कूपर कोनोली को केवल बल्लेबाज के रूप में खेलने की अनुमति मिली है। ऐसे में कमिंस के मामले में भी टीम सतर्क रुख अपना रही है।

कमिंस की गैरमौजूदगी में SRH की गेंदबाजी शुरुआत में कमजोर दिखी थी लेकिन पिछले दो हफ्तों में साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे ने डेब्यू में चार-चार विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।

वहीं अंतरिम कप्तान ईशान किशन ने भी अब तक टीम की जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई है। उनकी अगुवाई में SRH ने 5 मैचों में 2 जीत और 3 हार दर्ज की है। बावजूद इसके कमिंस की वापसी के बाद कप्तानी में बदलाव संभव है। हालांकि अगर कमिंस शुरुआती मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलते हैं तो ईशान किशन के पास ही नेतृत्व की जिम्मेदारी बनी रह सकती है।

Articles you may like: