🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

AIIMS से पढ़ी निशा मेहता को मिला नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री का पद, संस्थान ने जताया गर्व

नेपाल की राजनीति में उभरी नई नेता, नर्स से नीति-निर्माता तक का सफर बना मिसाल

By डॉ. अभिज्ञात

Mar 29, 2026 23:00 IST

नई दिल्ली: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नयी दिल्ली के कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने अपनी पूर्व छात्रा निशा मेहता को नेपाल का स्वास्थ्य मंत्री बनने पर बधाई दी है।

संस्थान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि निशा मेहता की यह उपलब्धि नर्सिंग पेशे से जुड़े छात्रों और पेशेवरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह इस बात को भी दर्शाता है कि नर्स केवल देखभाल करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे नेतृत्व, निर्णय लेने और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं।

कॉलेज ने अपने संदेश में कहा कि बीएससी नर्सिंग (2006–2010) की पूर्व छात्रा मेहता का यह सफर बेहद गौरवपूर्ण है। उन्होंने बेडसाइड नर्सिंग से आगे बढ़कर स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका हासिल की है, जो नर्सिंग पेशे के व्यापक प्रभाव को दर्शाता है। मेहता को शुक्रवार को नेपाल का स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री नियुक्त किया गया। वे राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी से जुड़ी हैं और समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत संसद सदस्य बनी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार निशा इस साल नई पीढ़ी के नेताओं के रूप में संघीय संसद में पहुंचीं। उन्होंने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से नर्सिंग में मास्टर डिग्री पूरी की और इसके बाद नेपाल लौटकर बिराट टीचिंग अस्पताल में काम किया। साथ ही उन्होंने कोशी प्रांत में नेपाल पुलिस वाइव्स एसोसिएशन की प्रशासनिक सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। वे मधेसी समूह के तहत समानुपातिक प्रतिनिधित्व से प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी गईं।

खास बात यह है कि मेहता ऐसे संसद का हिस्सा हैं, जहां लगभग 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व है। यह संख्या समावेशी नीति लागू होने के करीब दो दशक बाद हासिल हुई है। नेपाल की 15 सदस्यीय कैबिनेट में कुल 5 महिलाएं शामिल हैं।

Articles you may like: