🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

असम विधानसभा चुनाव 2026: कांग्रेस की 5 गारंटियां, महिलाओं को मासिक सहायता और ज़ुबीन गर्ग केस में सौ दिन में न्याय

मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा ऐलान: महिलाओं को ₹50,000 सहायता, कैशलेस इलाज

By डॉ. अभिज्ञात

Mar 29, 2026 20:04 IST

नाओबोइचाः असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को असम के नाउबोइचा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी की ओर से पांच बड़ी गारंटियों का ऐलान किया।

खड़गे ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है, तो महिलाओं के खातों में हर महीने बिना शर्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही महिला उद्यमियों को अपना कारोबार शुरू करने या बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपये तक की मदद दी जाएगी। इसके अलावा हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा देने का वादा भी किया गया।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि मशहूर गायक ज़ुबीन गर्ग से जुड़े मामले में 100 दिनों के भीतर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

गौरतलब है कि असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नलबाड़ी में एक रैली के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते राज्य की जनसांख्यिकी को प्रभावित किया। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर अगले पांच वर्षों में हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे बाहर किया जाएगा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले की कांग्रेस सरकारों ने लंबे समय तक अवैध घुसपैठ को नजरअंदाज किया, जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में सीमाओं को मजबूत किया गया है और अतिक्रमित जमीन को वापस लिया गया है।

असम में इस बार मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा नीत एनडीए और कांग्रेस के बीच है। जहां भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही है।

Articles you may like: