जोरहाटः असम के जोरहाट जिले के राजामैदाम इलाके में एक भीषण विस्फोट की घटना सामने आई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट में नूर मोहम्मद नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि उनका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घटना की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस हादसे में दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। 8 वर्षीय मोहम्मद इकबाल और 12 वर्षीय सेहनाज बेगम। दोनों को तुरंत जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान इकबाल ने दम तोड़ दिया। वहीं, सेहनाज की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
इसके अलावा नूरजहां बेगम नाम की एक महिला को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
जोरहाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुब्रज्योति बोरा के मुताबिक शुरुआत में इसे गैस सिलेंडर फटने की घटना माना जा रहा था लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद यह आशंका खारिज कर दी गई। जांच के दौरान पता चला कि नूर मोहम्मद कबाड़ से जुड़े काम करते थे और अलग-अलग तरह का सामान इकट्ठा करते थे।
संभावना जताई जा रही है कि वे किसी वस्तु को तोड़कर उसमें से धातु निकालने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे हथौड़े से लगातार उस वस्तु पर चोट कर रहे थे तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। उसी दौरान आसपास खेल रहे दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए।
फिलहाल विस्फोट के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।