मुंबई : भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी और लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी वर्तमान गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा को 1.7 करोड़ रुपये की महंगी कार उपहार में दी है।
रविवार 29 मार्च को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिसमें हार्दिक और माहिका एक कार शोरूम में खड़े नजर आए। उनके पीछे खड़ी थी नई Mercedes-Benz V-Class, जिसे हाल ही में भारत में पेश किया गया है। बताया जा रहा है कि यही कार हार्दिक ने माहिका को उपहार में दी है।
गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या को महंगी गाड़ियों का खास शौक है। पिछले कुछ महीनों में उन्होंने तीन नई गाड़ियां खरीदी हैं। इससे पहले विश्व कप के दौरान उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी Natasa Stankovic और बेटे अगस्त्य पांड्या को भी कार उपहार में दी थी। इसके बाद उन्होंने अपने लिए करीब 12 करोड़ रुपये की Ferrari 12Cilindri खरीदी थी।
एक साक्षात्कार में हार्दिक ने बताया था कि वह अपनी फेरारी में हनुमान चालीसा सुनते हैं, जिससे उन्हें शोर-शराबे और कैमरों की फ्लैश से राहत मिलती है। हाल के दिनों में उन्हें मुंबई की सड़कों पर अपनी नई कार चलाते हुए भी देखा गया है, हालांकि कम ग्राउंड क्लीयरेंस के कारण उन्हें स्पीड ब्रेकर पार करने में परेशानी होती है।
इसके अलावा, हार्दिक ने हाल ही में वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ को भी आर्थिक इनाम दिया था, क्योंकि विश्व कप की तैयारी के दौरान उन्होंने उनकी मदद की थी।
फिलहाल हार्दिक शानदार फॉर्म में हैं और विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद अब इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते नजर आएंगे।