पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों की घोषणा होते ही राज्य में प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव शुरू हो गए हैं। चुनाव आयोग ने राज्य के 142 थानों के थाना प्रभारियों और इंस्पेक्टर-इन-चार्ज का स्थानांतरण किया। जिसमें कोलकाता के 31 थाने भी शामिल हैं। भवानीपुर और नंदीग्राम जैसे प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में भी बदलाव किए गए हैं।
भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव मैदान में हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंदी भाजपा के शुभेंदु अधिकारी हैं। भवानीपुर थाने के नए IC के रूप में सौमित्र बसु नियुक्त किए गए हैं, जो पहले स्पेशल टास्क फोर्स में तैनात थे। नंदीग्राम थाने के IC प्रसेन्जित दत्त की जगह शुभब्रत नाथ को नियुक्त किया गया है, जो पहले चंदननगर कमिश्नरेट में थे।
इसके अलावा हल्दिया के नए IC देवदुलाल मंडल, कोलाघाट में काजल दत्त, और अलिपुरदुआर से एगरा थाने में IC के रूप में सुशांत चटर्जी की तैनाती की गई है। पाटाशपुर के नए OC चंद्रकांत शासमल होंगे। वहीं पूर्व मेदिनीपुर के 14 बीडीओ को भी इस अवसर पर बदल दिया गया है। जिसमें नंदीग्राम 1 और नंदीग्राम 2 के बीडीओ शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने यह बड़े फेरबदल प्रशासनिक तटस्थता और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए किए हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में एक साथ स्थानांतरण अब तक असामान्य रहा है। इस फैसले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अपने असंतोष का इजहार किया है।