टैलाहासी : दक्षिण फ्लोरिडा के हाउलोवर सैंडबार में एक क्रूज जहाज पर अचानक भयंकर विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 15 पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शनिवार दोपहर को मियामी के लोकप्रिय बोटिंग स्पॉट हाउलोवर सैंडबार में हुई जो दक्षिण फ्लोरिडा के सबसे व्यस्त जलक्रीड़ा क्षेत्रों में गिना जाता है। क्रूज पर पर्यटक समुद्र का आनंद ले रहे थे और पार्टी का माहौल था तभी अचानक तेज विस्फोट हुआ। आग की लपटों ने पूरे क्रूज को घेर लिया और कई यात्री जलते हुए गंभीर चोटों के साथ जख्मी हो गए।
विस्फोट के तुरंत बाद मियामी-डेड़ फायर रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल पर्यटकों को बचाने का काम शुरू किया। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस और रेस्क्यू अधिकारियों ने अभी तक घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है। विस्फोट के कारणों की जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यह गैस लीक के कारण हुआ हो सकता है। क्रूज पर मौजूद एक पर्यटक ने मियामी हेराल्ड को बताया कि विस्फोट से पहले जहाज के अंदर तेज गैस की गंध महसूस हो रही थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि चार्टर्ड बोटों में अक्सर खाना पकाने या अन्य कार्यों के लिए दाह्य गैस सिलेंडर और अन्य ईंधन उपकरण होते है जिससे बड़ा हादसा होने की संभावना रहती है। मियामी-डेड़ फायर रेस्क्यू के बैटलियन चीफ जुआन एरिस ने कहा कि अधिकांश घायल आग से झुलसे हैं और कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने बोटिंग सीजन में सुरक्षा नियमों का पालन करने और हर जहाज पर फायर एक्सटिंग्विशर तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरण रखने पर जोर दिया।