🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

रायपुर में आज रोहित शर्मा बनाम विराट कोहली की बड़ी टक्कर, आईपीएल मुकाबला बना हाई-वोल्टेज

रायपुर की नई पिच और अनजान परिस्थितियों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद।

रायपुर : आईपीएल के आज के मुकाबले में रायपुर का माहौल पूरी तरह क्रिकेटी रंग में डूबने वाला है जहां एक ओर टीमों की टक्कर है तो दूसरी ओर दो दिग्गज बल्लेबाजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यह मुकाबला भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हो लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रोहित शर्मा और विराट कोहली की टक्कर की है। कहीं न कहीं यह मैच टीमों से ज्यादा इन दोनों सितारों की भिड़ंत बन गया है। आज रायपुर का मैदान रोहित–विराट के नाम गूंजने वाला है।

टीमों की स्थिति देखें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पलड़ा काफी भारी नजर आता है। टीम ने अब तक 10 मैचों में 12 अंक हासिल किए हैं और प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनी हुई है। वहीं मुंबई इंडियंस की स्थिति कमजोर है। उसने 10 मैचों में सिर्फ 6 अंक जुटाए हैं और वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म मानी जा रही हैं।

हालांकि चोट से उबरकर लौटे रोहित शर्मा ने पिछले मुकाबले में शानदार फॉर्म दिखाया था। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने ओपनिंग करते हुए 44 गेंदों में 84 रन बनाकर तूफानी पारी खेली थी। आज भी वे उसी लय को जारी रखना चाहेंगे।

दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए पिछले मैच में निराशा हाथ लगी थी, जब बारिश से प्रभावित मुकाबले में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स से हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए थे। ऐसे में आज उनसे एक बड़ी और जिम्मेदार पारी की उम्मीद रहेगी ताकि वे अपनी फॉर्म में वापसी कर सकें।

मुंबई इंडियंस खेमे में भी कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ है। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या पहले टीम के साथ रायपुर नहीं पहुंचे थे लेकिन रविवार सुबह सूर्यकुमार यादव टीम से जुड़ गए हैं और हार्दिक पांड्या भी वहां पहुंच चुके हैं। हालांकि हार्दिक की उपलब्धता पर अभी भी सवाल बना हुआ है क्योंकि उन्हें पीठ में चोट है।

मुंबई के लिए ओपनर रयान रिकेलटन शानदार फॉर्म में हैं। पिछले ही मुकाबले में उन्होंने 32 गेंदों में 83 रन की तूफानी पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता था। आज उनके सामने भुवनेश्वर कुमार की चुनौती होगी और यह भिड़ंत बेहद रोमांचक मानी जा रही है।

रायपुर में इस साल यह पहला आईपीएल मुकाबला है। इससे पहले यहां आखिरी मैच 2018 में खेला गया था इसलिए पिच का व्यवहार दोनों टीमों के लिए अनजान है। इसी अनिश्चितता के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

इसी के साथ दिन के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी जिससे आज का पूरा दिन आईपीएल रोमांच से भरपूर रहने वाला है।

Articles you may like: