वॉशिंगटनः करीब चार वर्षों से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच फिलहाल राहत की खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने शुक्रवार रात घोषणा की कि रूस और यूक्रेन तीन दिनों के संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं। यह अस्थायी सीजफायर शनिवार से लागू होगा।
ट्रंप ने कहा कि इस संघर्षविराम के दौरान दोनों देश सभी प्रकार की सैन्य गतिविधियां रोक देंगे। इसके अलावा रूस और यूक्रेन के बीच एक-एक हजार युद्धबंदियों की अदला-बदली भी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि युद्ध समाप्त कराने को लेकर लगातार बातचीत चल रही है और दोनों देश अब समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने सीधे उनसे संपर्क कर संघर्ष रोकने के प्रयासों में मदद मांगी थी। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच स्थायी शांति स्थापित करने को लेकर कूटनीतिक बातचीत जारी है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह सबसे गंभीर और विनाशकारी संघर्षों में से एक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में दोनों देशों के बीच पूरी तरह युद्ध समाप्त हो सकता है।
President Trump posts on TruthSocial: I am pleased to announce that there will be a THREE DAY CEASEFIRE (May 9th, 10th, and 11th) in the War between Russia and Ukraine.
— Donald J Trump Posts TruthSocial (@TruthTrumpPost) May 8, 2026
The Celebration in Russia is for Victory Day but, likewise, in Ukraine, because they were also a big part and… pic.twitter.com/c28uDFPvkS
पिछले कुछ दिनों में रूस और यूक्रेन के बीच हमले तेज हो गए थे। रूस ने यूक्रेन पर कई बड़े हमले किए, जबकि यूक्रेन ने भी जवाबी कार्रवाई की। इन हमलों में दोनों देशों के नागरिकों की मौत हुई और हालात और तनावपूर्ण हो गए थे।
इसी बीच रूस और यूक्रेन दोनों जगह द्वितीय विश्व युद्ध के विजय दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रूस में इस मौके पर विशेष सैन्य परेड आयोजित होगी। यूक्रेन भी इस दिन को ऐतिहासिक महत्व के साथ मनाता है, क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध में उसकी अहम भूमिका रही थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से सीमित अवधि के लिए युद्धविराम पर सहमति बनी है।
रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 20 वर्षों में पहली बार मॉस्को की विजय दिवस परेड में सैन्य उपकरणों की मौजूदगी कम होगी। वहीं क्रेमलिन सूत्रों ने संकेत दिया है कि इस बार विदेशी मेहमानों की संख्या भी कम रखी गई है।
हालांकि संघर्षविराम की घोषणा के साथ रूस ने यूक्रेन को चेतावनी भी दी है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यदि विजय दिवस समारोह को बाधित करने की कोशिश की गई, तो जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
In recent days, there have been many appeals and signals regarding the setup for tomorrow in Moscow in connection with our Ukrainian long-range sanctions. The principle of symmetry in our actions is well known and has been clearly communicated to the Russian side. An additional…
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) May 8, 2026
दूसरी ओर यूक्रेन ने इस पहल का स्वागत किया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन लंबे समय से युद्ध रोकने की मांग करता रहा है और अमेरिका की कूटनीतिक कोशिशों से उन्हें उम्मीद जगी है। उन्होंने यह भी कहा कि अब रूस को भी अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करना होगा।