बंगाल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी का चुनाव किया है। राज्य के निर्वाचित 207 विधायकों के साथ विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बैठक की। इस दिन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनावी प्रदर्शन की सराहना की और विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और भाजपा की शासन-व्यवस्था के मॉडल को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि “सोनार बांग्ला” का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में पार्टी की राजनीतिक दृष्टि का केंद्र बना हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि आज कई मायनों में बंगाल में भाजपा की जीत महत्वपूर्ण है। 100 वर्षों की वैचारिक यात्रा के बाद आज गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारें बन चुकी हैं।
पिछले चुनावों का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने भवानीपुर के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां की जनता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। इस बार तो शुभेंदु दा (अधिकारी) ने दीदी (ममता बनर्जी) को उनके गढ़ में ही हरा दिया है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराया था। वहीं 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी जीत हासिल की। ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से इस बार का चुनाव लड़ा था।
भाजपा की चुनावी प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का सफर 3 सीटों से शुरू होकर 77 और फिर 207 सीटों तक पहुंचना बेहद असाधारण रहा है। उन्होंने दावा किया कि 23 प्रशासनिक जिलों में से 9 जिलों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी खाता भी नहीं खोल पाई है।
अमित शाह ने अपने संबोधन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस भूमि पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने विचारधारा की नींव रखी थी, उसी धरती पर 2026 में उनकी पार्टी की सरकार बन रही है।
राज्य की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए शाह ने कहा, "कम्युनिस्ट दौर में जो माहौल था, वह ममता बनर्जी के शासन में और भी खराब होकर भय के वातावरण में बदल गया है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लगभग समाप्त हो गयी थी। हिंसा और अत्याचार के बावजूद लोगों ने भाजपा और पीएम मोदी के पक्ष में मजबूत जनादेश दिया।" अमित शाह ने कहा कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें न सिर्फ बंगाल बल्कि पूरे देश से भगाया जाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि पार्टी कई क्षेत्रों में वर्षों से चुनाव जीतने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कभी EVM, कभी मतदाता सूची और कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में आपकी पार्टी 1967 के बाद से सरकार नहीं बना पाई है और पश्चिम बंगाल में 49 वर्षों से नहीं बना पाई है। अगर इसे भी वोट चोरी कहा जाए तो फिर वोट चोर तो आपके साथ बैठे हैं।