🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तमिलनाडु में सरकार गठन से भाजपा ने बनाई दूरी- नैनार नागेंद्रन का बड़ा बयान

वीसीके, सीपीआई और सीपीएम की बैठकें अहम, विजय के लिए बहुमत का रास्ता खुल सकता है।

By शिखा सिंह

May 08, 2026 17:34 IST

चेन्नई : तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करने की इच्छुक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा तमिलनाडु की जनता के जनादेश को पूरी तरह स्वीकार करती है।

नैनार नागेंद्रन का यह लिखित बयान उस समय सामने आया है जब तमिलनाडु में पार्टी केवल एक सीट जीतने में सफल रही।

अपने बयान में नैनार नागेंद्रन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तमिलनाडु के लोगों के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसी भावना के साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया था। हालांकि चुनाव परिणामों को हमारी पार्टी सम्मानपूर्वक स्वीकार करती है। हमें लगता है कि तमिलनाडु की जनता ने भाजपा को सरकार बनाने का जनादेश नहीं दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि हम तमिलनाडु की जनता की इच्छा और जनादेश का पूरी ईमानदारी से सम्मान करते हैं। हम राज्य में नई सरकार बनाने के किसी भी प्रयास में अपनी पार्टी को शामिल नहीं करना चाहते। इसलिए इस प्रक्रिया में हमारी कोई सक्रिय भागीदारी नहीं होगी और सरकार गठन के प्रयास में हम किसी भी दल के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे।

अब तकमिली जानकारी के अनुसार अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को 108 सीटें मिलने के बाद वह सरकार गठन के लिए अन्य दलों का समर्थन जुटाने में सक्रिय हो गई है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला जिसके कारण राज्य में त्रिशंकु स्थिति बन गई है।

कांग्रेस ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की टीवीके को सशर्त समर्थन देने की पेशकश की है। साथ ही कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) से अपने संबंध समाप्त कर दिए हैं।

कांग्रेस के पांच विधायकों के समर्थन से टीवीके गठबंधन की संख्या 113 तक पहुंच गई है लेकिन 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 118 सीटों से यह अब भी पांच सीट पीछे है।

वहीं विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा है कि उनकी पार्टी की उच्चस्तरीय समिति शाम को बैठक करेगी। इस बैठक में तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और सरकार गठन के लिए टीवीके की ओर से मिले समर्थन प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। वीसीके के पास दो सीटें हैं और उनका समर्थन विजय को बहुमत के और करीब पहुंचा सकता है।

उधर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने भी कार्यकारी बैठकों का आयोजन किया। इन बैठकों में इस बात पर चर्चा की गई कि क्या वे विजय को समर्थन देगी। दोनों दलों के पास दो-दो सीटें हैं।

यदि सीपीआई (एम), सीपीआई और वीसीके, कांग्रेस के साथ मिलकर विजय की टीवीके को समर्थन देते हैं तो यह गठबंधन बहुमत का आंकड़ा पार कर सकता है। ऐसी स्थिति में विजय अपने पहले ही प्रयास में तमिलनाडु में सरकार बनाने में सफल हो सकते हैं।

Articles you may like: