🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

CM भगवंत मान के खिलाफ भाजपा ने DGP को दी शिकायत, कहा-दर्ज हो FIR

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने जालंधर स्थित बीएसएफ मुख्यालय और अमृतसर आर्मी कैंप के पास हुए ब्लास्ट को लेकर उनकी पार्टी पर बेबुनियाद और भड़काऊ आरोप लगाए हैं।

By लखन भारती

May 08, 2026 15:41 IST

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी पंजाब इकाई ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ डीजीपी पंजाब को शिकायत सौंपते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखर और कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया कि मुख्यमंत्री के बयान सार्वजनिक शांति, सामाजिक सौहार्द और पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर असर डाल सकते हैं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने जालंधर स्थित बीएसएफ मुख्यालय और अमृतसर आर्मी कैंप के पास हुए ब्लास्ट को लेकर उनकी पार्टी पर बेबुनियाद और भड़काऊ आरोप लगाए हैं।

भाजपा द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने 6 मई को दिए एक सार्वजनिक बयान में कहा था कि यह घटनाएं “2027 चुनावों की तैयारी” का हिस्सा हैं और इसके पीछे एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी का हाथ है। भाजपा ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान जनता में डर, भ्रम फैलाने वाले हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया कि मुख्यमंत्री के इन बयानों से जांच एजेंसियों का ध्यान असली आरोपियों से भटक सकता है और इससे पंजाब की आंतरिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। भाजपा ने दावा किया कि डीजीपी कार्यालय पहले ही इन हमलों के पीछे पाकिस्तान की ISI और सीमा पार आतंकी मॉड्यूल्स की भूमिका की बात कह चुका है। ऐसे में मुख्यमंत्री के बयान जांच एजेंसियों के दावों से विपरीत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित प्रतीत होते हैं। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री के बयान सामाजिक सौहार्द और राज्य की शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ब्लास्ट मामले को लेकर भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं की छवि खराब करने की कोशिश की है। पार्टी का आरोप है कि करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने और विपक्ष को बदनाम करने के लिए जानबूझकर इस तरह के बयान दिए गए। भाजपा ने इसे राज्य सरकार की कानून व्यवस्था में विफलता से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।

भाजपा नेताओं ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का हालिया व्यवहार गैर-जिम्मेदाराना रहा है। पार्टी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पंजाब विधानसभा में नशे की हालत में पहुंचे थे और सदन में गैर-जिम्मेदाराना तरीके से बोलकर संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई। भाजपा ने कहा कि इस तरह का आचरण मुख्यमंत्री पद की मर्यादा के खिलाफ है।

शिकायत में कहा गया कि पंजाब में कानून व्यवस्था बनाए रखना मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है, लेकिन सुरक्षा में हुई चूक पर जवाबदेही लेने की बजाय वह विपक्ष पर आरोप लगाकर अपनी प्रशासनिक नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के बजाय मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से पहले ही “फैसला” सुनाने का प्रयास किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस मुख्यालय में अपनी गिरफ्तारी भी पेश की और कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई सबूत है तो कार्रवाई की जाए, अन्यथा मुख्यमंत्री और अन्य आप नेताओं को जांच में शामिल कर उनके द्वारा लगाए जा रहे बेबुनियाद आरोपों और भड़काऊ बयानों पर कार्रवाई की जाए।

सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री के बम धमाकों संबंधी बयान को न केवल सांप्रदायिक सद्भावना के लिए खतरनाक बताया बल्कि इसे “देशद्रोही” भी करार दिया। उन्होंने कहा कि जब भी भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा उठाएगा, तब पाकिस्तान मुख्यमंत्री के इस वीडियो बयान का इस्तेमाल अपने बचाव में करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया है। जाखड़ ने कहा कि एक तरफ पंजाब के डीजीपी कह रहे हैं कि धमाकों के पीछे पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए।

Articles you may like: