लखनऊः केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में हुई हत्या की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस चुनावी हार के बाद “बौखला गई है” और राज्य में हिंसक घटनाओं का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक वरिष्ठ नेता के निजी सहायक को इस तरह गोलियों से भून दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति किस स्तर पर पहुंच चुकी है। उनके अनुसार, ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए शर्मनाक हैं और इनसे राज्य की छवि भी प्रभावित होती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य एक सुरक्षित, भयमुक्त और विकसित भारत का निर्माण करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है और देश सुरक्षा एवं विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।