🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड पर बंगाल में सियासी भूचाल, शमिक भट्टाचार्य बोले-‘यह सियासी बदले की कार्रवाई’

भाजपा ने बताया साजिश, राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप। तृणमूल ने की निष्पक्ष जांच की मांग।

उत्तर दक्षिण 24 परगनाः पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। बुधवार रात मध्यमग्राम में हुई इस गोलीकांड ने राज्य की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक टकराव दोनों को केंद्र में ला दिया है। घटना के बाद गुरुवार को बारासात अस्पताल पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य (Shamik Bhattacharya) ने इसे “राजनीतिक प्रतिशोध से जुड़ी सुनियोजित हत्या” बताया और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।

शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि यह घटना अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पूरी तरह से योजना बनाकर की गई हत्या है। उन्होंने कहा कि पूर्व वायुसेना कर्मी चंद्रनाथ रथ शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे। उन्हें नजदीक से गोली मारी गई, जो इस बात का संकेत है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। उनके अनुसार, इस तरह की घटना के पीछे स्थानीय स्तर पर समर्थन या जानकारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

भाजपा नेता शमिक भट्टाचार्य ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन पर राजनीतिक दबाव साफ दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का राजनीतिकरण हो चुका है, जिसके कारण अपराधियों में भय नहीं रह गया है और वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में माहौल को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है और राजनीतिक संदेश देने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। हालांकि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील भी की।

वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इस हत्या की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है और मामले की जांच अदालत की निगरानी में कराने की बात कही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और सियासी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Articles you may like: