🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

Chandranath Rath Murder : लंबी रेकी के बाद ही शुभेंदु के सहायक पर किया गया हमला, STF-CID-IB की SIT गठित

शुभेंदु अधिकारी के सहायक की हत्या की जांच में पुलिस और CID जुट गयी है। इस मामले की जांच के लिए STF, CID और IB को लेकर एक SIT का गठन किया गया है।

By Elina Dutta, Moumita Bhattacharya

May 07, 2026 11:52 IST

व्यस्त सड़क पर पीछा कर अपराधियों ने पहले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका। एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने आगे से आकर चंद्रनाथ रथ की गाड़ी का रास्ता रोका और उनकी गाड़ी के ठीक बगल में एक बाइक पर सवार दो लोग पहुंचे। इसके बाद बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने गाड़ी की खिड़की के शीशे से बंदूक को सटाकर अंधाधुंध गोलीबारी की।

क्लोज रेंज से करीब 10 राउंड गोली चलायी गयी जिसमें मौके पर शुभेंदु अधिकारी के सहायक व वायुसेना के पूर्व जवान चंद्रनाथ रथ की मौत हो गयी। उनकी गाड़ी के ड्राईवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ इस तरह से बुधवार की रात को 10 बजे मध्यमग्राम के दोहारिया के पास इस शुटआउट को अंजाम दिया गया।

शुभेंदु अधिकारी के सहायक की हत्या की जांच में पुलिस और CID जुट गयी है। इस मामले की जांच के लिए STF, CID और IB को लेकर एक SIT का गठन किया गया है। इस घटना के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हैं या नहीं, इसकी जांच भी की जा रही है।

लंबे समय तक की गयी थी रेकी

प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि लंबे समय तक रेकी करने के बाद ही अपराधियों ने इस हत्याकांड की योजना बनायी होगी। पुलिस का अनुमान है कि कम से कम 1 सप्ताह तक चंद्रनाथ रथ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही होगी।

Read Also | मध्यमग्राम में शुभेंदु अधिकारी के सहायक की हत्या, सिर और सीने में मारी गोलियां

किस गाड़ी से वह अपने घर लौटते हैं, किस रास्ते से लौटते हैं, गाड़ी में वह कहां बैठते हैं इन सब चीजों पर नजर रखी गयी होगी। इसलिए ही गाड़ी के बगल में खड़े होकर टार्गेट सेट करने में अपराधियों को अधिक समय नहीं लगा होगा। पलक झपकते ही प्वाएंट ब्लैंक रेंज से गोली चलाकर अपराधी फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं DG

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह घटनास्थल पर CID की टीम पहुंची थी। अपराधी किस रास्ते से आए थे और किस रास्ते से भाग गए। इसका पता लगाने के लिए सिर्फ जशोर रोड ही नहीं मध्यमग्राम से सटे इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

वहीं कोलकाता पुलिस उन रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपराधियों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है जहां से होकर बुधवार की रात को चंद्रनाथ रथ की गाड़ी गुजरी थी। राज्य पुलिस के डीसी सिद्धिनाथ गुप्ता खुद सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार शुटआउट को अंजाम देकर अपराधी राजारहाट की तरफ भाग खड़े हुए थे। वहीं जानकारी मिली है कि इस हमले में जिस चार पहिया वाहन का इस्तेमाल किया गया उसपर भी नकली नंबर प्लेट लगाया गया था। चेसिस नंबर को भी मिटा दिया गया था।

Read Also | शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की गोली मारकर हत्या, कपिल सिब्बल बोले- 'राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं'

प्राप्त तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ के हत्यारे किसी दूसरे राज्य से आए थे। संभावना जतायी जा रही है कि शार्प शूटर्स को सुपारी देकर बुलाया गया होगा। अत्याधुनिक हथियार से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार रात को करीब 8 बजे सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम की तरफ जा रहे थे। गाड़ी बुद्धदेव बेरा चला रहे थे। उन्हें भी गोली लगी है और गंभीर रूप से घायलावस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना कैसे घटी, इस बारे में कई दावे किए जा रहे हैं।

सूत्रों का दावा है कि मध्यमग्राम में जशोर रोड से सटे इलाके में दोहारिया के पास फिल्मी अंदाज में चंद्रनाथ रथ की गाड़ी का रास्ता अपराधियों ने रोका। इसके बाद प्वाएंट ब्लैंक रेंज उनपर अंधाधुंध गोलियां दागी गयी। बताया जाता है कि चार पहिया वाहन और चार बाइक पर कम से कम 8 अपराधी मौके पर पहुंचे थे। लगातार कई गोलियां दागने के बाद अपराधी वहां से भाग खड़े हुए। बाइक पर कोई नंबरप्लेट भी नहीं था। अपराधियों ने हेलमेट लगाकर रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सकें।

स्थानीय लोगों का दावा है कि चारों बाइक में से एक या एक से अधिक बाइक गाड़ी के सामने आकर रुकी और दूसरी बाइक से अपराधियों ने चंद्रनाथ रथ पर निशाना साधा। ड्राइवर की बायीं तरफ की सीट पर वह बैठे थे। अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Articles you may like: