कोलकाताः पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में एक पुराने हथियार मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्षद को गिरफ्तार किया गया है। दक्षिण 24 परगना के पूजाली नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 के पार्षद शेख अमीरुल इस्लाम को एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार किया।
एयरपोर्ट पर बैग से मिला था संदिग्ध सामान
यह मामला 21 सितंबर 2025 का है, जब अमीरुल इस्लाम कोलकाता एयरपोर्ट से यात्रा करने पहुंचे थे। सुरक्षा जांच के दौरान उनके बैग से एक खाली मैगजीन और 6 राउंड गोलियां बरामद हुई थीं।
उस समय उन्होंने दावा किया था कि उनके पास हथियार और गोलियों के लिए वैध लाइसेंस है और उन्होंने दस्तावेज दिखाने के लिए समय भी मांगा था।
लाइसेंस नहीं देने पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने उन्हें सात दिन का समय दिया था, लेकिन तय समय के बाद भी वे कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
हालांकि, लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण यह मामला अब तक लंबित था, जिसे अब पुलिस ने आगे बढ़ाते हुए कार्रवाई की है। पूजाली नगर पालिका बजबज विधानसभा और डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। हाल के विधानसभा चुनाव में भले ही राज्य स्तर पर तृणमूल कांग्रेस को नुकसान हुआ हो, लेकिन बजबज सीट पर पार्टी ने 46,850 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश करने की तैयारी की है और रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की मांग करेगी। मामले की जांच अब तेज कर दी गई है।