कोलकाताः कोलकाता में सोशल मीडिया के जरिए एक फर्जी संदेश वायरल होने से कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। इस संदेश में दावा किया गया था कि रिपन स्ट्रीट, जानबाजार और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है और लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है।
हालांकि कोलकाता पुलिस ने तुरंत इस दावे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि ऐसा कोई भी मामला शहर में नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि यह संदेश पूरी तरह फर्जी है और लोगों को भ्रमित करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है।
लालबाजार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कोलकाता पुलिस के नाम और लोगो का गलत इस्तेमाल कर अफवाह फैलाई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जानकारी पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही ध्यान दें।
पुलिस ने यह भी कहा कि शहर के संबंधित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को आगे न बढ़ाएं। अधिकारियों ने याद दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में 100 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है या नजदीकी थाने से मदद ली जा सकती है।