🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

क्या चुनाव सम्पन्न होते ही फिर से भड़की हिंसा? कहीं रेता गया गला तो कहीं पीटकर हत्या का आरोप

कहीं तृणमूल कार्यकर्ता का गला रेतकर हत्या करने तो कहीं विजय उत्सव से वापस लौटते समय भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आ रहा है।

By Moumita Bhattacharya

May 05, 2026 19:45 IST

विधानसभा चुनाव को हिंसामुक्त बनाने के लिए चुनाव आयोग ने बंगाल में रिकॉर्ड संख्या में केंद्रीय बल की तैनाती की थी। इस वजह से दावा किया जा रहा है कि चुनाव के दौरान न तो किसी की जान गयी और न ही कहीं हिंसा फैली।

अब चुनाव खत्म होने और मतगणना के बाद ही राज्य में हिंसा की खबरें सामने आने लगी है। कहीं तृणमूल कार्यकर्ता का गला रेतकर हत्या करने तो कहीं विजय उत्सव से वापस लौटते समय भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आ रहा है।

मंगलवार को बीरभूम के नानूर के संतोषपुर में तृणमूल के बूथ सभापति आबिर शेख की गला रेत कर हत्या करने का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। वहीं खून से लथपथ एक अन्य तृणमूल कार्यकर्ता को बोलपुर के महकमा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

इस घटना को लेकर नानूर में एक बार फिर से तनावपूर्ण माहौल बन गया है। परिस्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल पर विशाल पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Read Also | क्या बदलेगा सत्ता का ठिकाना? राइटर्स बिल्डिंग को लेकर BJP के संकेत से मची हलचल

नानूर के तृणमूल विधायक विधानचंद्र माझी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हर तरफ तांडव मचा रहे हैं। तेज धारदार हथियार से बूथ अध्यक्ष का गला रेत दिया गया है। तृणमूल कार्यकर्ताओं के घर और पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ की गयी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर शांतिनिकेतन स्टेट बैंक के सामने तृणमूल के प्रवक्ता जमशेद अली खान से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है (हालांकि इसकी सत्यता की जांच समाचार एई समय ने नहीं की है)। वीडियो में गले में गेरुआ कपड़ा डाले कुछ लोग नजर आ रहे हैं जो जमशेद को घेरकर पीटते दिख रहे हैं। भाजपा ने तृणमूल के आरोपों को मानने से इनकार कर दिया है।

चुनाव का परिणाम जारी होने के बाद विजय उत्सव से वापस लौटते समय हावड़ा के एक भाजपा कर्मी को पीटकर हत्या कर देने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि तृणमूल समर्थक कुछ असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना सोमवार की रात को उदयनारायणपुर के दक्षिण मानश्री गांव की बतायी जाती है। मृतक का नाम यादव बर है। परिवार की ओर से उदयनारायणपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवायी गयी है।

Articles you may like:

Election