पुनर्मतगणना के बावजूद राजारहाट न्यूटाउन विधानसभा केंद्र से भाजपा प्रत्याशी पीयूष कानोरिया ने जीत दर्ज की है। तृणमूल प्रत्याशी तापस चटर्जी को उन्होंने 316 वोटों से हरा दिया है। मंगलवार को कई चरणों में फिर से मतगणना हुई जिसके बाद आखिर में भाजपा प्रत्याशी को ही विधानसभा चुनाव का विजेता घोषित कर दिया गया।
इस केंद्र में जीत के साथ ही 293 सीटों वाली बंगाल विधानसभा में 207 सीटों पर भाजपा और 80 सीटों पर तृणमूल के प्रत्याशियों को विजेता चुना गया।
गौरतलब है कि सोमवार को ही भाजपा को बहुमत मिल चुका था। पुनर्मतगणना के पेंच में सिर्फ राजारहाट-न्यू टाउन केंद्र ही फंसा हुआ था। मंगलवार की दोपहर के बाद आखिरकार मतगणना केंद्र से रिजल्ट सामने आया। हालांकि जीत का अंतर बहुत कम ही रहा लेकिन अंत तक विजेता भाजपा को ही घोषित किया गया।
Read Also | क्या बंगाल विधानसभा परिणामों में आयी भाजपा की सुनामी मतदाताओं के गुस्से का प्रतीक?
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को मतगणना के दौरान ही पुनर्मतगणना की मांग भाजपा प्रत्याशी की ओर से की गयी है जिसके आधार पर इस केंद्र पर रि-काउंटिंग भी शुरू हुई। नियमानुसार पहले पोस्टल बैलेट और बाद में EVM से मतगणना शुरू हुई। मंगलवार को पुनर्मतगणना की मांग तापस चटर्जी ने की। 18 राउंड की काउंटिंग के बाद पीयुष पांडे को 1,06,564 वोट मिले। वहीं तापस चटर्जी को 1,06,248 वोट मिले।
बता दें, वर्ष 2011 के विधानसभा चुनाव में इस केंद्र से तृणमूल प्रत्याशी सब्यसाची दत्त विजेता हुए थे। तब तापस चटर्जी सीपीएम के नेता थे। सब्यसाची दत्त ने उन्हें हराया था। वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में भी सब्यसाची दत्त ही विजेता बने थे। वर्ष 2021 में जब तापस चटर्जी तृणमूल में शामिल हुए तो उन्हें इस विधानसभा केंद्र से टिकट दिया गया और वह जीते। अब यह सीट भाजपा ने अपनी झोली में डाल दिया है।