रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन की दमदार अर्धशतकीय पारी से मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के 47वें मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही मुंबई ने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। मुकाबले में लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर खेल में 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 8 गेंद रहते ही 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए लिए और इस सीजन की अपनी तीसरी जीत दर्ज की। हालांकि, इस जीत से पॉइंट्स टेबल में मुंबई के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है।
लखनऊ के खिलाफ इस मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए रायन रिकल्टन और रोहित शर्मा ने दमदार शुरुआत की थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 143 रनों की पार्टनरशिपर हुई। आईपीएल में ये तीसरी बार था जब रिकल्टन और रोहित ने शतकीय साझेदारी की। हालांकि, ये दोनों बल्लेबाज अपना निजी शतक बनाने से चूक गए। रिकल्टन 32 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 छक्के और 6 चौके भी लगाए। वहीं रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने 44 गेंद में 84 रनों का योगदान दिया। रोहित ने अपनी इस पारी में 7 छक्के और 6 चौके लगाए। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को आसानी से जीत दिला दी। गेंदबाजी में लखनऊ के लिए एम सिद्धार्थ ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान के खाते में भी 1-1 विकेट आया।