चेन्नई : आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया। इस हार के बाद मुंबई की स्थिति अंक तालिका में और बुरी हो गई है। अब टीम के लिए हर मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा बनता जा रहा है।
मैच के दौरान मुंबई के बल्लेबाज तिलक वर्मा के साथ एक अनोखी घटना भी देखने को मिली। चेन्नई के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन की गेंद तिलक की कलाई पर जोर से लगी। गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि उनके हाथ में पहना फिटनेस ट्रैकिंग बैंड खुलकर नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि यह WHOOP फिटनेस ट्रैकिंग बैंड था जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये है।
चोट लगने के बाद तिलक ने तुरंत डगआउट की ओर इशारा किया जिसके बाद फिजियो मैदान पर पहुंचे और उनका इलाज किया। दरअसल गेंद की तेज चोट के कारण उनकी कलाई में पहना बैंड ढीला हो गया था। उपचार के बाद तिलक ने दोबारा बैंड पहना और बल्लेबाजी जारी रखी। इस घटना से कुछ समय के लिए मुंबई टीम की चिंता बढ़ गई थी लेकिन बाद में राहत मिली।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाए। वहीं युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नाबाद 54 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई।
इस जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के 9 मैचों में 8 अंक हो गए हैं और टीम ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने 9 मैचों में सिर्फ 2 जीत हासिल की है और टीम निचले पायदानों में बनी हुई है। अब मुंबई के लिए आने वाले सभी मुकाबले बेहद अहम हो गए हैं।