🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चेन्नई एयरपोर्ट पर बड़ा सुरक्षा हादसा टला, चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर युवक ने लगाई छलांग

शारजाह-चेन्नई एयर अरबिया फ्लाइट में अफरा-तफरी, तबीयत बिगड़ने के बाद युवक ने किया खतरनाक कदम।

By रजनीश प्रसाद

May 03, 2026 12:42 IST

चेन्नई : चेन्नई एयरपोर्ट पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरबिया की फ्लाइट से एक युवक ने विमान का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर चलती फ्लाइट से छलांग लगा दी। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हालांकि सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार विमान पूरी तरह रुका नहीं था। फ्लाइट रनवे छोड़कर टैक्सीवे पर पहुंची ही थी तभी युवक ने अचानक आपातकालीन दरवाजा खोल दिया और बाहर कूद गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक तमिलनाडु के पुदुकोट्टई का रहने वाला हो सकता है। विमान में चढ़ने के बाद से ही उसकी तबीयत खराब थी। उसने उड़ान के दौरान घबराहट और उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत की थी। विमान कर्मचारियों के मुताबिक युवक ने संभवतः दो बार उल्टी भी की थी। माना जा रहा है कि खराब स्वास्थ्य और मानसिक घबराहट के कारण उसने यह कदम उठाया।

घटना के तुरंत बाद पायलट ने सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ जवानों ने इलाके को घेर लिया और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे चेन्नई पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इस घटना की वजह से कुछ समय के लिए विमान सेवाएं भी प्रभावित हुईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने दोपहर 3 बजकर 23 मिनट से 4 बजकर 23 मिनट तक रनवे संचालन बंद रखा।

विमान कंपनी ने बताया कि इस घटना में विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी अन्य यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Articles you may like: