🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आईएसएल का भविष्य संकट में, क्लबों ने एआईएफएफ और खेल मंत्रालय को भेजा पत्र

मौजूदा लीग मॉडल पर उठे सवाल, कई क्लबों के हटने की चेतावनी।

मुंबई : इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का भविष्य एक बार फिर अनिश्चितता के घेरे में आ गया है जबकि क्लबों के बीच असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। क्लब संगठनों की ओर से अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) और केंद्रीय खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर यह स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि मौजूदा मॉडल पर ही इंडियन सुपर लीग जारी रहती है तो आने वाले समय में कई क्लब इस लीग से अपना नाम वापस ले सकते हैं।

हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि क्लब संगठनों की यह चेतावनी कितनी प्रभावी साबित होगी लेकिन इतना निश्चित है कि वित्तीय संकट के कारण कई क्लबों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इस सीजन में बिना विदेशी खिलाड़ियों के टीम बनाकर मोहन बागान ने किसी तरह भागीदारी की है लेकिन शुक्रवार से महमेडान स्पोर्टिंग क्लब में खिलाड़ियों ने वेतन न मिलने के कारण अभ्यास का बहिष्कार कर दिया है। शनिवार तक भी इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। हालांकि कोच मेहराजुद्दीन वाडू को उम्मीद है कि 10 मई को होने वाले अगले मैच से पहले खिलाड़ियों को बकाया वेतन का कुछ हिस्सा मिल जाएगा और टीम मैदान पर उतरेगी।

इसी तरह की स्थिति इंटर काशी फुटबॉल क्लब में भी बनी हुई है जहां खिलाड़ियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है फिर भी वे मैच खेल रहे हैं। टीम के कोच एंटोनियो लो पेरेज अबास लगातार टीम की खराब स्थिति पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। शनिवार को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी से 2-3 की हार के बाद उन्होंने कहा की हम अपना होम मैच नहीं खेल पा रहे हैं। कल आधी रात को गुवाहाटी के होटल में पहुंचे और केवल 15 16 घंटे में मैच खेलना पड़ा। इस लीग को पेशेवर नहीं कहा जा सकता। मेरे लंबे फुटबॉल करियर में मैंने इतनी अव्यवस्था से भरी लीग कभी नहीं देखी।

इसी बीच ईस्ट बंगाल क्लब के कोच ऑस्कर ब्रूजो एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। जब उनकी टीम चैंपियनशिप की दौड़ में अच्छी स्थिति में पहुंच चुकी है तब उनके पोस्ट 'द लास्ट डांस – मई 2026’ ने अटकलों को जन्म दे दिया है। पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा है कि इंडियन सुपर लीग की अनिश्चितता से परेशान होकर ऑस्कर ब्रूजो ईस्ट बंगाल के साथ नया अनुबंध नहीं करना चाहते हैं। उनका मौजूदा अनुबंध इसी मई में समाप्त हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या उनका 'द लास्ट डांस' इसी बात का संकेत है?

ईस्ट बंगाल का अगला मुकाबला 5 मई को मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ मुंबई में होना है। उससे पहले रविवार दोपहर को ऑस्कर ब्रूजो प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे जहां उनके इस बयान पर कुछ स्पष्टता मिलने की उम्मीद है। टीम के हालात को देखते हुए शनिवार की शाम के अभ्यास सत्र में इमामी समूह के अधिकारी विभास अग्रवाल भी मौजूद दिखाई दिए।

दूसरी ओर एफसी गोवा को 2-0 से हराकर जमशेदपुर एफसी अब लीग तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। टीम के 11 मैचों में 21 अंक हैं। वहीं मोहन बागान सुपर जायंट्स के 9 मैचों में 20 अंक हैं। 9 मई को मोहन बागान का अगला मुकाबला एफसी गोवा से होगा। जमशेदपुर के खिलाफ हार के बाद गोवा की टीम लगभग खिताब की दौड़ से बाहर हो चुकी है। यदि ईस्ट बंगाल मुंबई सिटी एफसी को हरा देता है तो खिताब की लड़ाई अंततः कोलकाता के दो प्रमुख क्लबों के बीच सिमट सकती है।

Articles you may like: