मुंबई : भारत ने आगामी आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। कई बड़े नामों को बाहर रखते हुए यह स्क्वाड चुना गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार को इस टीम का ऐलान किया।
साल 2025 में एकदिवसीय विश्वकप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला टीम अब टी-20 विश्वकप पर नजरें टिकाए हुए है। यह बड़ा टूर्नामेंट 12 जून से इंग्लैंड में खेला जाएगा। उम्मीद के मुताबिक टीम की कमान हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना निभाएंगी। बंगाल की विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष भी टीम में शामिल हैं।
टी-20 विश्वकप के लिए भारत की टीम इस प्रकार है:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, नंदनी शर्मा।
कई स्टार खिलाड़ी बाहर
हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑलराउंडर काशवी गौतम चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना सकीं। इसी तरह चोट की वजह से युवा खिलाड़ी अमनजोत कौर और पूजा वस्त्राकर भी बाहर हो गईं। उनकी गैरमौजूदगी में महिला प्रीमियर लीग में अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है जिससे उनके पास खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगा।
स्क्वाड में नए चेहरे और चौंकाने वाले चयन
इस सीजन की विमेंस प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाली नंदनी शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने 10 मैचों में 17 विकेट लिए थे और गुजरात जायंट्स के खिलाफ हैट्रिक भी ली थी। उन्हें काशवी गौतम के विकल्प के तौर पर मौका मिला है। इसके अलावा भारती फुलमाली को भी टीम में जगह दी गई है जिन्होंने डब्ल्यूपीएल में 140 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। हालांकि हरलीन देओल को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया।
चोट से वापसी करने वाली खिलाड़ी
टीम में कई खिलाड़ी चोट से उबरकर लौटे हैं। बैकअप ओपनर और विकेटकीपर के तौर पर यास्तिका भाटिया की वापसी हुई है। स्पिन विभाग को मजबूत करने के लिए श्रेयंका पाटिल को फिर से टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए 9 मैचों में 11 विकेट लिए थे और अब विश्वकप में भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।