शनिवार शाम तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने पार्टी के काउंटिंग एजेंटों के साथ बैठक की। इस बाबत सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि मतगणना पूरी होने तक वे मतगणना केंद्र किसी भी कीमत पर न छोड़ें।
बैठक में ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि पार्टी 200 से अधिक सीटों पर जीतने वाली है। वहीं अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि तृणमूल का प्रदर्शन 2021 से भी बेहतर रहेगा। इसके साथ ही पार्टी की ओर से जिलावार काउंटिंग ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए।
बता दें, राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों के लिए 77 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। पार्टी के एजेंटों के साथ हुई बैठक में तृणमूल ने सभी मतगणना केंद्रों पर काउंटिंग एजेंटों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। कहा गया है कि यदि किसी सीट पर जीत-हार का अंतर 200 से 300 वोट के बीच रहता है, तो उस केंद्र पर पुनर्गणना (री-काउंटिंग) की मांग की जाएगी।
Read Also | खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ TMC ने चुनाव आयोग में दर्ज करवायी शिकायत
पार्टी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि बैठक के दौरान अभिषेक बनर्जी ने कहा कि आज भी दक्षिण 24 परगना में पुनः मतदान कराना पड़ा। सभी व्यवस्थाओं के बावजूद अंत में आयोग को दोबारा मतदान कराना पड़ा। विभिन्न एजेंसियों और बलों सहित अपनी पूरी ताकत लगाने के बाद भी वे (भाजपा) फिर हारेंगे। अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा कि सभी नियम-कानून बदल दिए गए थे। चुनाव में मैदान में यह लड़ाई तृणमूल बनाम केंद्रीय बल के बीच की बन गयी थी।
बैठक में आत्मविश्वास से भरे अभिषेक बनर्जी ने कहा कि किसी भी हालत में भाजपा सत्ता में नहीं आ रही है। ममता बनर्जी के बाद उन्होंने भी दावा किया कि मीडिया में दिखाए जा रहे एग्जिट पोल को देखकर भाजपा खुद भी यह नहीं मान रही कि वही सरकार बनाने जा रही है। लेकिन वास्तविक स्थिति से वे पूरी तरह वाकिफ हैं।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मैं कह रहा हूं, नोट कर लीजिए - 2021 की तुलना में इस बार तृणमूल को और अधिक सीटें मिलेंगी।