स्ट्रॉन्ग रुम को लेकर चल रहे विवाद के बीच खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के खिलाफ चुनाव आयोग में तृणमूल कांग्रेस ने शिकायत दर्ज करवायी है। राज्य की सत्ताधारी पार्टी ने अपनी शिकायत में कहा है कि बिना 'अनुमति' लिए जिस प्रकार पोस्टल बैलेट को खंगाला गया है, उसे ध्यान में रखते हुए अविलंब कार्रवाई की जाए।
हालांकि तृणमूल की शिकायत पर चुनाव आयोग ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
गौरतलब है कि कई जगहों पर स्ट्रॉन्ग रुम में EVM की सुरक्षा को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। गुरुवार की रात को राज्य के CEO मनोज अग्रवाल ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि खुदीराम अनुशिलन केंद्र के स्ट्रॉन्ग रुम में गुरुवार को पोस्ट बैलट को छांटने का काम होने वाला था। यह पूर्वनिर्धारित था।
वहां से कुछ जिलों के कुछ इलाकों के पोस्टल बैलट को बारासात भेजा जाना था। उसके बाद वहां से निर्धारित स्थान पर उन्हें भेजने की योजना थी। इस बारे में राजनीतिक पार्टियों को पहले से ही जानकारी दे दी गयी थी। उनके प्रतिनिधियों से भी वहां मौजूद रहने के लिए कहा गया था। CEO ने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गयी है। इस प्रकार भ्रांति फैलाना दुर्भाग्यजनक है।
अब उसी मामले में तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवायी है।