तृणमूल कांग्रेस के सभी काउंटिंग एजेंटों के साथ शनिवार की शाम को करीब 4 बजे तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) बैठक करने वाले हैं। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान हर विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना केंद्रों पर क्या कदम उठाए जाने चाहिए, इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बताया गया है कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी यह बैठक वर्चुअली करेंगे।
गुरुवार से ही तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर कई आरोप लगाए हैं। गुरुवार की रात को ममता बनर्जी शेखावत मेमोरियल स्कूल पहुंच गयी थी जिसे भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र का स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। वह रात को करीब 8 से लेकर 12 बजे तक, यानी लगभग चार घंटे वहां मौजूद रहीं। स्ट्रॉन्ग रुम से निकलकर पत्रकारों से बात करते हुए ममता बनर्जी ने ईवीएम में गड़बड़ी (मैनिपुलेशन) के आरोप लगाए।
हालांकि चुनाव आयोग ने साफ कहा कि कहीं भी ईवीएम में कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है और न ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में भी कोई कमी है।
इसके बाद गुरुवार की शाम को ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर मतगणना केंद्रों में भी गड़बड़ी की आशंका जताते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने तृणमूल के काउंटिंग एजेंटों को आखिरी क्षण तक काउंटिंग सेंटर में मौजूद रहने का निर्देश दिया। इसी मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए ममता बनर्जी ने उसी दिन शाम को कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के साथ एक बैठक भी की। यह बैठक बंद कमरे में हुई थी।
बताया जाता है कि इसके बाद ही शनिवार को पार्टी के सभी काउंटिंग एजेंटों के साथ बैठक करने का फैसला लिया गया।