🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चुनाव आयोग ने केंद्रीय बल द्वारा वृद्ध को धक्का मारने के आरोपों का किया खंडन, CCTV फुटेज किया जारी

हावड़ा के उदयनारायणपुर के एक मतदान केंद्र में 82 वर्षीय वृद्ध की मौत के मामले में केंद्रीय बल पर धक्का देने का आरोप सामने आया था। चुनाव आयोग ने इन आरोपों का खंडन किया है।

By Moumita Bhattacharya

May 01, 2026 10:05 IST

बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक घमासान लगातार जारी है। चुनाव के दूसरे चरण में हावड़ा के उदयनारायणपुर के एक मतदान केंद्र में 82 वर्षीय वृद्ध की मौत के मामले में केंद्रीय बल पर धक्का देने का आरोप सामने आया था। चुनाव आयोग ने इन आरोपों का खंडन किया है। इस बाबत अपने X हैंडल से पोस्ट कर सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने भी चुनाव आयोग व केंद्रीय बल पर आरोप लगाया था।

लेकिन आज (1 मई) की सुबह आयोग ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर दावा किया है कि वृद्ध को किसी ने धक्का नहीं दिया था।

Read Also | हावड़ा में केंद्रीय बल के धक्के से वृद्ध की मौत का आरोप, अभिषेक बनर्जी ने कहा - यहीं है 'शीतलकुची मानसिकता'

आयोग ने अपने पोस्ट में दावा किया है कि 29 अप्रैल को पूर्ण चंद्र दोलुई (82) जो हावड़ा के उदयनारायणपुर में बूथ नंबर 245 पर अपना मतदान करने गए थे। उम्रदराज हो के बावजूद वह अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध दे। चुनाव आयोग का दावा है कि वृद्ध की मदद के लिए उनके बेटे को मतदान केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दी गयी थी और पूर्ण चंद्र दोलुई ने अपना वोट भी दिया था।

चुनाव आयोग का दावा है कि वोट देने के बाद पूर्ण चंद्र दोलुई की तबीयत खराब हो गयी और संभवतः भीषण गर्मी की वजह से अचानक गिर पड़े। इसके बाद उन्हें आमता के अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

आयोग ने सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए दावा किया है कि वृद्ध ने अपना वोट दिया था और उसके बाद अपने बेटे की उपस्थिति में वह गिर पड़े। साथ ही आयोग ने दावा किया है कि केंद्रीय बल के जवानों ने उनके साथ न तो बदसलूकी की और न ही उन्हें धक्का दिया।

Read Also | 226 सीटों के साथ हम ही बनाएंगे 'मां-माटी-मानुष' की सरकार, साजिश है एग्जिट पोल : ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाया वोट खरीदने का आरोप

गौरतलब है कि पूर्णचंद्र दोलुई की मौत को लेकर उनके बेटे ने आरोप लगाया था कि उसके पिता, जिन्हें चलने-फिरने में तकलीफ होती है, के साथ मतदान केंद्र के अंदर उसे नहीं जाने दिया गया। सिर्फ इतना ही नहीं जब वह खुद मतदान केंद्र से निकलने की कोशिश कर रहे थे तब केंद्रीय बल के जवानों ने उनपर जल्दी बाहर जाने का दबाव डाला और धक्का दिया।

इस वजह से वह गिर पड़े जिनको बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से पोस्ट कर चुनाव आयोग व केंद्रीय बल पर निशाना साधा था। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पूर्णचंद्र दोलुई के परिवार के साथ खड़े होने का आश्वासन भी दिया है।

Articles you may like: