अहमदाबाद (गुजरात) : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में अच्छी शुरुआत के बावजूद भारी झटका लगा, जब नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से उनकी पारी बिखर गई।
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक खेल दिखाया। विराट कोहली ने तेज शुरुआत करते हुए गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के एक ओवर में लगातार पांच चौके जड़ दिए, जिससे टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 27 तक पहुंच गया।
हालांकि इसके तुरंत बाद मैच का रुख बदल गया। अगले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने जैकब बेथेल को 5 रन पर आउट कर पहला झटका दिया। फिर चौथे ओवर में रबाडा ने वापसी करते हुए कोहली को 13 गेंदों पर 28 रन बनाकर पवेलियन भेज दिया। उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस तरह आरसीबी का स्कोर 39/2 हो गया।
पावरप्ले समाप्त होने तक टीम ने 59/2 रन बना लिए थे लेकिन इसके बाद विकेटों का सिलसिला थमने का नाम नहीं लिया। आठवें ओवर में अर्शद खान ने कप्तान रजत पाटीदार को 15 गेंदों में 19 रन दो चौके व एक छक्का पर आउट कर दिया।
इसके बाद जेसन होल्डर ने जितेश शर्मा को सिर्फ 1 रन पर चलता किया। फिर स्पिनर राशिद खान ने टिम डेविड को 9 रन पर आउट कर आरसीबी की हालत और खराब कर दी। 10 ओवर के बाद स्कोर 91/ 5 हो गया।
मिडिल ऑर्डर भी ज्यादा देर टिक नहीं सका। अर्शद खान ने कृणाल पांड्या को 4 रन पर आउट कर छठा झटका दिया। हालांकि 13वें ओवर तक रोमारियो शेफर्ड और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए स्कोर 113/6 तक पहुंचाया।
लेकिन 14वें ओवर में राशिद खान ने पडिक्कल को 24 गेंदों में 40 रन (पांच चौके, दो छक्के) पर बोल्ड कर साझेदारी तोड़ दी। इसके बाद जेसन होल्डर ने शेफर्ड (17 रन, दो छक्के) को आउट किया, जिससे 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 132/8 हो गया।
अंतिम ओवरों में वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों पर 12 रन बनाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार 15 रन बनाकर नाबाद रहे। पूरी टीम 19.2 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मोहम्मद सिराज (1/38) और कगिसो रबाडा (1/44) ने एक-एक विकेट लिया। जेसन होल्डर (2/29) और राशिद खान (2/19) ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्शद खान ने 3/22 के आंकड़े के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहते हुए तीन विकेट अपने नाम किए।