🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की खराब प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास गिरा

सुनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद कप्तान ने बताई हार की वजह।

मुंबई : आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इस समय पूरी तरह डगमगाता नजर आ रहा है। टीम अब तक पांच मैच हार चुकी है और प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म होने की कगार पर है।

इस सीजन की शुरुआत हालांकि मुंबई इंडियंस के लिए किसी सपने जैसी रही थी। 2012 के बाद पहली बार टीम ने अपने पहले ही मैच में जीत हासिल की थी। वानखेड़े स्टेडियम में गरजती भीड़ के सामने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 220 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल कर हार्दिक पांड्या की टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी।

लेकिन यह सपना ज्यादा समय तक टिक नहीं सका। लगातार हार के कारण टीम अपनी लय खो बैठी। दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के खिलाफ हार ने टीम का आत्मविश्वास हिला दिया। बीच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत से थोड़ी उम्मीद जगी लेकिन घरेलू मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ फिर झटका लगा। ऐसे में सुनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आठवां मैच टीम के लिए करो या मरो जैसा था लेकिन इस अहम मुकाबले में भी मुंबई एक बार फिर बिखर गई और हार का सामना करना पड़ा।

रिकेलटन का शानदार शतक, मुंबई ने बनाया बड़ा स्कोर

इस महत्वपूर्ण मैच में चोट के कारण क्विंटन डी कॉक नहीं खेल सके जिससे टीम में रयान रिकेलटन की वापसी हुई। साथ ही विल जैक्स ने भी अपना पहला मैच खेला। पावरप्ले में मुंबई ने तेज शुरुआत की और मजबूत आधार तैयार किया। इसके बाद रयान रिकेलटन ने पूरी पारी को संभालते हुए 55 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए जो उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है।

नमन धीर और हार्दिक पांड्या के साथ अहम साझेदारी करते हुए उन्होंने टीम को 20 ओवर में 243 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

हेड और क्लासेन का तूफान, हैदराबाद ने किया ऐतिहासिक रन चेज

इस मैच से पहले लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद ट्रैविस हेड बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे लेकिन मुंबई के खिलाफ उन्होंने शानदार वापसी की। अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर उन्होंने तेज शुरुआत दी। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 45 रन बनाए जबकि ट्रैविस हेड ने मात्र 30 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली।

हेनरिख क्लासेन ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 30 गेंदों में 65 रन बनाए। अंत में सलिल अरोरा ने 10 गेंदों में तेज 30 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

इस तरह सुनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा रन चेज पूरा करते हुए 8 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया।

ओस कोई बड़ा कारण नहीं, हार के बाद हार्दिक का बयान

मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा की मुझे नहीं लगता कि ओस ने ज्यादा असर डाला। उन्होंने अच्छे शॉट खेले और हमने कुछ खराब गेंदबाजी की। शुरुआत में ही वे आगे निकल गए। हमने वापसी की कोशिश की लेकिन वह काफी नहीं थी। फिर भी मैंने मैदान पर खेल का आनंद लिया।

उन्होंने आगे कहा की हमें लगा था कि 244 रन बचाए जा सकते हैं। मुझे अपने गेंदबाजों पर भरोसा है लेकिन आज हम अपनी योजना को सही तरीके से लागू नहीं कर सके। मैंने खुद भी गेंदबाजी का आनंद लिया आखिरी तीन गेंदों को छोड़कर बाकी सब ठीक था।

टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए हार्दिक पांड्या ने कहा की यह सीजन हमारे लिए ऐसा ही चल रहा है। मौके मिलने पर उन्हें भुनाना जरूरी होता है तभी किस्मत और लय बदलती है। हमने पूरी कोशिश की लेकिन वह काम नहीं आई। हमें यह देखना होगा कि हम कहां गलती कर रहे हैं। हालांकि टीम के मालिक और सपोर्ट स्टाफ का समर्थन बना हुआ है, इसलिए हमें वापसी का रास्ता जरूर मिलेगा।

Articles you may like: