तेहरान : हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य में नाकेबंदी जारी रखने के फैसले पर अड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद ईरान की ओर से यह तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। शांति समझौते के लिए ईरान ने अमेरिका को तीन शर्तें दी थी लेकिन अमेरिका ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। इसके चलते बातचीत की एक और कोशिश फिलहाल विफल हो गई है। इस तनावपूर्ण माहौल में तेहरान ने वॉशिंगटन को नए तरह के हथियारों की चेतावनी दी है। ईरान का दावा है कि उसके पास ऐसे हथियार है जिनका इस्तेमाल होने पर अमेरिका को “हार्ट अटैक” हो सकता है।
पिछले सप्ताह ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान और ओमान के दौरे पर गए थे। इसके बाद सोमवार को जानकारी सामने आई कि शांति बहाल करने के लिए ईरान ने अमेरिका को तीन प्रस्ताव दिए हैं। तेहरान ने कहा कि वह हॉर्मुज़ में मालवाहक जहाजों की आवाजाही फिर से सामान्य करना चाहता है लेकिन इसके लिए अमेरिका को ईरान पर लगे सभी प्रतिबंध हटाने होंगे।
इसके साथ ही ईरान ने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल परमाणु मुद्दे पर बातचीत शुरू करने के लिए तैयार नहीं है। नई संधि के तहत युद्धविराम की अवधि बढ़ाने या स्थायी रूप से संघर्ष समाप्त करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ईरान की इन शर्तों को मानने के पक्ष में नहीं हैं। इसलिए उन्होंने हॉर्मुज़ में नाकेबंदी जारी रखने का निर्णय लिया है। इस स्थिति के चलते पश्चिम एशिया में एक बार फिर युद्ध की आशंका बढ़ गई है।
इसी पृष्ठभूमि में ईरान की नौसेना के कमांडर शहराम ईरानी ने कहा कि इस समय ईरान के पास ऐसे हथियार हैं, जिनसे दुश्मन पक्ष भयभीत रहता है। हालांकि, उन्होंने उन हथियारों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। रहस्य बनाए रखते हुए उन्होंने कहा यह उनके भी नाक के नीचे मौजूद है। उम्मीद है कि उन्हें हार्ट अटैक नहीं होगा।
शहराम ईरानी ने ट्रंप प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अमेरिका ने सोचा था कि हॉर्मुज़ में नाकेबंदी कर वह ईरान पर दबाव बना सकेगा लेकिन वॉशिंगटन की यह योजना विफल हो गई है। उन्होंने यह भी कहा अमेरिका की इस गलत धारणा को लेकर अब सैन्य प्रतिष्ठानों में हंसी उड़ाई जा रही है।