नई दिल्ली : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए मैच के दिन एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया।
24 अप्रैल-यह तारीख एक यादगार दिन बन सकती थी लेकिन यह एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। 20 वर्षीय युवा क्रिकेटर यज्ञ भाटिया दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स का मैच देखने के बाद अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई अभव के साथ लौट रहे थे। लेकिन एक पल में सब कुछ खत्म हो गया। एक ट्रक की टक्कर से उनकी बाइक पलट गई और भीषण दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई। यज्ञ भाटिया दिल्ली कैपिटल्स के नेट गेंदबाज थे और उनका सपना भविष्य में भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने का था जो इस हादसे में अधूरा रह गया। इस घटना के बाद पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
कैसे हुआ हादसा?
24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम मात्र 75 रन पर ऑलआउट हो गई थी। आसान लक्ष्य को आरसीबी ने आसानी से हासिल कर लिया। मैच के बाद यज्ञ भाटिया अपने चचेरे भाई अभव के साथ बाइक से पश्चिम दिल्ली की ओर लौट रहे थे।
रात लगभग 10:30 बजे सेंट्रल दिल्ली के अशोक रोड पर उनकी बाइक को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसी हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले अभव अपने पिता सुमित से फोन पर बात कर रहा था लेकिन अचानक कॉल कट हो गया। इसके बाद कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला जिससे परिवार में चिंता बढ़ गई। बाद में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाकर बताया कि दोनों भाई दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। अभव कुछ ही दिनों में 15 वर्ष का होने वाला था लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कौन थे यज्ञ भाटिया?
यज्ञ भाटिया कॉलेज स्तर की क्रिकेट टीम के लिए खेलते थे और सोशल मीडिया पर नियमित रूप से अपनी गेंदबाजी के वीडियो साझा करते थे। उनके पिता शैलेंद्र भाटिया भी कॉलेज टीम के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं।
यज्ञ भाटिया दिल्ली कैपिटल्स के नेट गेंदबाज थे और टीम के साथ अभ्यास सत्रों में हिस्सा लेते थे। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर आशुतोष शर्मा और आकिब नबी जैसे खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी साझा की थीं।
हादसे वाले दिन यज्ञ अपने भाई अभव को लेकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के टीम होटल भी गए थे। वहां उन्होंने बेंगलुरु के क्रिकेटर सुयश शर्मा और स्वप्निल सिंह के साथ सेल्फी भी ली थी। दुर्भाग्यवश वही तस्वीरें अब इस उभरते क्रिकेटर की आखिरी यादों के रूप में रह गई हैं।