वॉशिंगटन : नोटों के बाद अब अमेरिका के पासपोर्ट में भी राष्ट्रपति की तस्वीर दिखाई दे सकती है। अमेरिका की स्वतंत्रता घोषणा की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाले ‘पैट्रियट पासपोर्ट’ जारी करने का निर्णय व्हाइट हाउस ने लिया है। इन सीमित संस्करण पासपोर्टों के अंदरूनी कवर पर राष्ट्रपति का चित्र होगा। मंगलवार (स्थानीय समय) को व्हाइट हाउस ने इस ‘पैट्रियट पासपोर्ट’ की पहली झलक सार्वजनिक की।
आम तौर पर पासपोर्ट के अंदरूनी हिस्से में कभी स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी या चांद पर मानव के उतरने जैसी ऐतिहासिक छवियां होती है लेकिन इस विशेष पासपोर्ट में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर और उनके हस्ताक्षर शामिल होंगे। इस विशेष संस्करण के डिजाइन की जिम्मेदारी संभाल रहे यूएस स्टेट डिपार्टमेंट ने बताया है कि इसे इस साल जुलाई में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर जारी किया जाएगा। हालांकि इसे नियमित आधिकारिक दस्तावेज के विकल्प के रूप में नहीं बल्कि एक स्मारक संस्करण के रूप में पेश किया जा रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने कहा कि यह ‘पैट्रियट पासपोर्ट’ अमेरिकी नागरिकों को स्वतंत्रता उत्सव में भाग लेने का एक नया और विशेष अवसर देगा। उनके अनुसार “इस ऐतिहासिक अवसर के जरिए देशभक्ति की भावना को गर्व के साथ पुनर्जीवित किया जाएगा।” हालांकि ओवल ऑफिस के इस फैसले के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद शुरू हो गया है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी दस्तावेजों में वर्तमान राष्ट्रपति की तस्वीर शामिल करने से राष्ट्रीय पहचान और राजनीति के बीच की सीमाएं धुंधली हो सकती हैं।
इससे पहले किसी भी मौजूदा राष्ट्रपति ने ऐसा कदम नहीं उठाया है। डेमोक्रेटिक नेता माइक लेविन ने इसकी आलोचना करते हुए कहा “इसे देशभक्ति नहीं कहा जा सकता बल्कि यह कदम व्यक्तिगत प्रचार की ओर इशारा करता है।”