स्पेन : अप्रैल में बार्सिलोना के क्लब यूई कॉर्नेला को खरीदने के बाद अब लियोनेल मेसी ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ से बातचीत की।
लियोनेल मेसी ने काफी पहले ही एक फुटबॉल क्लब खरीद लिया था। इंटर मियामी में खेलते समय ही उन्होंने स्पेन के पांचवें डिविजन के क्लब यूई कॉर्नेला को अपने अधीन लिया। इससे साफ संकेत मिल गया था कि संन्यास के बाद भी वह फुटबॉल से जुड़े रहेंगे। क्लब खरीदने के बाद पहली बार उन्होंने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए एक वीडियो संदेश दिया। इस संदेश में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनका लक्ष्य सिर्फ मालिक बनना नहीं बल्कि एक दीर्घकालिक फुटबॉल परियोजना तैयार करना है।
16 अप्रैल को मेसी ने यूई कॉर्नेला क्लब का अधिग्रहण किया था। इसके बाद इस क्लब को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी और न ही मेसी ने खिलाड़ियों से मुलाकात की थी। अब उन्होंने क्लब के खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों को वीडियो संदेश में कहा की आप सभी को शुभकामनाएं। मैं यहां क्लब को आगे बढ़ाने और हर संभव तरीके से मदद करने आया हूं। इस नए प्रोजेक्ट को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। उनके इस संदेश से क्लब के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ काफी प्रेरित हुए हैं।
यूई कॉर्नेला कोई बड़ा बजट वाला क्लब नहीं है। यह बार्सिलोना के एक सामान्य श्रमिक इलाके में स्थित है। इस क्लब की पहचान इसकी युवा अकादमी के लिए है। फिलहाल यह टीम टेर्सेरा RFEF, यानी स्पेन के पांचवें डिविजन में खेलती है। हालांकि इसी अकादमी से कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरकर सामने आए हैं। जॉर्डी अल्बा, डेविड राया और आंद्रे ओनाना जैसे नामी फुटबॉलर इसी क्लब से निकले हैं। इस कारण इस क्लब को भविष्य के सितारे तैयार करने वाले एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जाता है। अब इस प्रतिभा को निखारने की जिम्मेदारी खुद लियोनेल मेसी ने अपने हाथों में ली है।
हालांकि मेसी का ध्यान सिर्फ सीनियर टीम तक सीमित नहीं है। क्लब के सूत्रों के अनुसार इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को विकसित करना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करना है।