कोलकाता : सिर्फ 15 साल की उम्र में ही वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में मौका देने की वकालत की है सौरव गांगुली ने।
आगामी आयरलैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम में युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी को शामिल किए जाने के पक्ष में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने खुलकर राय दी है। मौजूदा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव ने लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है। उनकी निडर बल्लेबाजी के सामने जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज भी असहज नजर आए हैं।
वैभव के प्रदर्शन ने पहले ही क्रिकेट जगत में जबरदस्त चर्चा पैदा कर दी है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एलन बॉर्डर ने भी उन्हें स्पेशल टैलेंट बताया है। इसी कारण आईपीएल के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी-20 टीम में उन्हें शामिल किया जाए या नहीं इस पर ज़ोरदार बहस शुरू हो चुकी है।
कोलकाता प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान सौरव गांगुली ने कहा की वैभव बेहद शानदार प्रतिभा है। उसकी बल्लेबाजी देखने लायक है। आयरलैंड सीरीज में उसे मौका दिया जा सकता है। मुझे लगता है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार है। हालांकि सचिन के स्तर तक पहुंचने में उसे समय लगेगा।
सिर्फ वैभव ही नहीं पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की फॉर्म को लेकर भी सौरव ने सकारात्मक टिप्पणी की। उनके मुताबिक आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर श्रेयस को फिर से भारतीय टी-20 टीम में जगह मिलनी चाहिए।
वहीं हाल के समय में लय से जूझ रहे जसप्रीत बुमराह को लेकर सौरव ने चिंता जताने से इनकार किया। उन्होंने कहा की बुमराह भी इंसान है खराब दौर आ सकता है। लेकिन उसकी क्षमता पर कोई सवाल नहीं है। अपने दिन पर वह सर्वश्रेष्ठ होता है।
उत्तर 24 परगना जिला क्रिकेट संघ की पहल पर गति नामक एक नई परियोजना शुरू करने की घोषणा की गई जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण देना है। इस पहल का स्वागत करते हुए सौरव गांगुली ने कहा की सिर्फ तेज गेंदबाज ही नहीं स्पिनरों को तैयार करने पर भी समान ध्यान देना चाहिए। ज़रूरत पड़ने पर उन्होंने स्वयं प्रशिक्षण से जुड़ने की इच्छा भी जताई।
बंगाल टीम के कोच पद को लेकर भी चर्चा जारी है। लक्ष्मीरतन शुक्ला को दोबारा जिम्मेदारी मिलेगी या नहीं यह 1 मई तक आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद तय होगा। हालांकि पिछले सत्र में बंगाल के प्रदर्शन से संतुष्ट सौरव गांगुली ने संकेत दिए हैं कि लक्ष्मीरतन की वापसी की संभावना काफी मजबूत है।