गांधीनगर : सूरत में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है जहां एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शव को सीमेंट से ढककर लकड़ी के बक्से में छिपाने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद इस घटना की जानकारी अपने एक रिश्तेदार को व्हाट्सऐप के माध्यम से दी थी। इतना ही नहीं उसने शव को कहां छिपाया है यह भी उसी रिश्तेदार को बताया था। हालांकि यह चैट उनके नाबालिग बेटे की नजर में आ गई। बेटे से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शव बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया।
मृतका की पहचान 39 वर्षीय शिल्पा के रूप में हुई है जो एसएमआईएमईआर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डाइटिशियन के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस के अनुसार उनके पति विशाल सालवी बेरोजगार थे और इसी कारण दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि इसी पारिवारिक कलह के चलते 20 अप्रैल को विशाल ने शिल्पा की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने अपराध को छिपाने के उद्देश्य से शिल्पा के शव को एक लकड़ी के बक्से में रखकर उस पर सीमेंट डाल दिया, ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में इसी बक्से से शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार कई दिनों तक बंद रहने के कारण शव में सड़न भी शुरू हो गई थी। जानकारी के मुताबिक दंपति की शादी करीब 16 वर्ष पहले हुई थी और उनके दो बेटे हैं। वे सूरत के सलाबतपुरा इलाके में रहते थे जहां यह घटना घटी। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए पत्नी के लापता होने की शिकायत गोदादरा थाना में दर्ज कराई थी।
सलाबतपुरा थाना के अधिकारी आर. ए. जाडेजा ने बताया कि पुलिस आरोपी द्वारा बताए गए पुराने घर के दूसरे मंजिल पर पहुंची जहां एक लकड़ी के बक्से के अंदर से शव बरामद किया गया। शव को छिपाने के लिए उसके ऊपर सीमेंट डाला गया था। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी की बेरोजगारी और उससे उपजे पारिवारिक विवाद को इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।