🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दिल्ली के द्वारका गोल्फ कोर्स में तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत, दीवार फांदकर अंदर घुसे थे बच्चे

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच के आदेश, डीडीए ने बनाई जांच समिति

By डॉ. अभिज्ञात

May 01, 2026 01:48 IST

नई दिल्लीः द्वारका के सेक्टर-24 स्थित एक गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिनकी उम्र आठ से 11 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

मृतकों की पहचान गोयला डेयरी निवासी दो भाइयों रवि जायसवाल (8) और वीर जायसवाल (11) तथा हर्ष (11) के रूप में हुई है, जो एक बेघर व्यक्ति का बेटा था।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह 7:07 बजे पीसीआर कॉल मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग समेत अन्य आपात सेवाओं को भी सूचना दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों बच्चे गोल्फ कोर्स की दीवार फांदकर अंदर गए थे। परिसर में केवल एक प्रवेश द्वार है, जहां सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। इसके बाद बच्चे तालाब में नहाने उतर गए।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक सुरक्षा गार्ड को वहां कुछ कपड़े पड़े मिले थे, लेकिन वह बच्चों का पता नहीं लगा सका और उसने किसी को इसकी सूचना भी नहीं दी। गुरुवार तड़के जब तालाब में शव तैरते दिखे, तब कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी।

द्वारका के डीसीपी कुशलपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो गोल्फ कोर्स परिसर के भीतर तालाब में तीनों बच्चों के शव मिले। अग्निशमन विभाग की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।

रवि और वीर के पिता अरविंद जायसवाल ने बताया कि उनके बच्चे बुधवार दोपहर से लापता थे। उन्होंने कहा, “मेरे बड़े बेटे और एक अन्य लड़के ने आकर बताया कि उस जगह के पास तीन बच्चों की मौत हो गई है। हमारे बच्चे भी गायब थे, इसलिए हम तुरंत वहां पहुंचे।” उन्होंने बताया कि मौके पर मीडिया मौजूद थी और बाद में पुलिस उन्हें थाने ले गई, जहां तस्वीरों के जरिए उन्होंने अपने बच्चों की पहचान की।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कोई रिपोर्ट नहीं दिखाई गई। उनके अनुसार बच्चों को दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन सरकारी होने के बावजूद वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। “अगर यह सरकारी जमीन है तो सुरक्षा के लिए गार्ड क्यों नहीं था?” उन्होंने कहा कि उन्हें अगले दिन शव देखने के लिए बुलाया गया है।

वहीं हर्ष के पिता ने बताया कि उनका बेटा पिछले दो दिनों से लापता था और यह तीसरा दिन था। उन्होंने कहा, “जब उसकी मां फुटपाथ पर सो रही थी और मैं खाने-पीने का सामान लेने गया था, तभी वह कहीं चला गया।” उन्होंने बताया कि तीनों बच्चे आपस में दोस्त थे और साथ खेलते थे, इसलिए उन्होंने शुरुआत में पुलिस में शिकायत नहीं की क्योंकि उन्हें लगा कि बेटा लौट आएगा।

उन्होंने बताया कि जब इलाके में भीड़ देखी तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। रिक्शा और ऑटो चालकों ने बताया कि तीन बच्चे डूब गए हैं। हर्ष के पिता ने बताया कि वह हरियाणा के रहने वाले हैं और रोजमर्रा का सामान बेचकर गुजारा करते हैं। उन्होंने अपनी स्थिति बताते हुए कहा, “अगर हमारा घर होता तो हम फुटपाथ पर नहीं रहते और शायद मेरा बेटा जिंदा होता।”

इस बीच, दिल्ली विकास प्राधिकरण ने बयान जारी कर कहा कि मामले की जांच के लिए निदेशक के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी।

Articles you may like: