मध्य प्रदेश के धार में पिकअप पलटकर एसयूवी से टकराई; 12 मजदूरों की मौत

चिकलिया चौराहे के पास हादसा, 20 घायल; पीएम और सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 30, 2026 00:04 IST

भोपालः मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 मजदूरों की जान चली गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 35 मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर बाग्गड़ क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिकलिया चौराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। वाहन पलट गया और सामने से आ रही एसयूवी से जा टकराया।

धार जिले के प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी के मुताबिक12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। तिरला पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का इलाज निशुल्क कराया जाए। साथ ही इंदौर संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक को मौके पर जाकर उपचार व्यवस्थाओं की निगरानी करने के लिए कहा गया है।

धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


Articles you may like: