🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: फिर ‘स्टालिन फैक्टर’? एग्जिट पोल में डीएमके गठबंधन आगे

विपक्ष पीछे, जन समर्थन के दम पर लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी के आसार

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 29, 2026 22:19 IST

नयी दिल्लीः एग्जिट पोल के विभिन्न अनुमानों के अनुसार एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाला द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) गठबंधन तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी करता दिखाई दे रहा है। पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल के मुताबिक डीएमके गठबंधन को 125 से 145 सीटें मिल सकती हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के समर्थन वाली अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) को 65 से 80 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं।

मैट्रिज़ के एग्जिट पोल के अनुसार डीएमके और उसके सहयोगी 122 से 132 सीटें जीत सकते हैं जबकि एआईएडीएमके और उसके सहयोगियों को 80 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है। इसी सर्वे में टीवीके को 0 से 6 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। पी-मार्क के एग्जिट पोल में डीएमके गठबंधन को 125 से 145 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि एआईएडीएमके को 60 से 70 सीटें मिल सकती हैं। वहीं टीवीके को 1 से 6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। पीपुल इनसाइट के एग्जिट पोल के अनुसार डीएमके गठबंधन को 120 से 140 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एआईएडीएमके को 60 से 70 सीटें मिलने का अनुमान है। इस सर्वे में टीवीके को 30 से 40 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जो अन्य सर्वेक्षणों की तुलना में अधिक है।

तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (एसपीए) और एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच रहा। एसपीए में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) और विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) शामिल हैं, जबकि एनडीए में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) जैसे दल शामिल हैं। राज्य में मतदान के दौरान मतदाताओं की मजबूत भागीदारी देखने को मिली। कई जिलों में मतदान प्रतिशत काफी अधिक रहा, जिसमें करूर में 89.32 प्रतिशत, सलेम में 88.02 प्रतिशत, इरोड में 87.59 प्रतिशत, धर्मपुरी में 87.28 प्रतिशत और तिरुप्पुर में 86.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अरियालूर में 83.09 प्रतिशत, तिरुचिरापल्ली में 82.76 प्रतिशत और चेन्नई में 81.34 प्रतिशत मतदान हुआ, जिससे शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

मदुरै में 77.89 प्रतिशत और तूतीकोरिन में 77.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार 23 अप्रैल को शाम 5 बजे तक तमिलनाडु में कुल मतदान 82.24 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि सभी 234 विधानसभा सीटों पर मतदान शाम 6 बजे तक संपन्न हुआ। अब इन सभी अनुमानों की पुष्टि 4 मई को होगी, जब मतगणना के बाद अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Articles you may like: