🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

धर्म पूछा, कलमा पढ़ने को कहा, फिर चाकुओं से गोदा:मुंबई में गार्ड्स पर हमला; ATS बोली- ISIS के दस्तावेज मिले

आरोपी की पहचान 31 साल के जैब जुबेर अंसारी के रूप में की गई है। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुई।

By लखन भारती

Apr 29, 2026 11:34 IST

मुंबईः पुलिस के अनुसार, एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग के पास दो सिक्योरिटी गार्ड, राजकुमार मिश्रा और सुब्रत सेन ड्यूटी पर तैनात थे। आरोपी पहले इलाके में आया और मस्जिद का रास्ता पूछा। कुछ समय बाद वह दोबारा लौटा।

उसने एक गार्ड से धर्म पूछने के बाद अचानक चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह केबिन में घुसा और दूसरे गार्ड से कलमा पढ़ने को कहा। जब गार्ड ऐसा नहीं कर पाया, तो उस पर भी हमला कर दिया गया।

दोनों घायल गार्डों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महाराष्ट्र ATS ने उसके घर से ISIS से जुड़े नोट्स, एक लैपटॉप और कुरान की 3 कॉपियां बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने हमला अकेले प्लान किया था। आरोपी 2020 में अमेरिका से लौटा, कोचिंग देता था

घटना के करीब डेढ़ घंटे भीतर ही नया नगर पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे ठाणे की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

ATS ने बताया कि आरोपी साइंस ग्रेजुएट है और वह 2000 से 2020 तक अपने माता-पिता के साथ अमेरिका में रहा था। अमेरिका में नौकरी नहीं मिलने के कारण वह 2020 में भारत लौट आया। वह 2022 से मीरा रोड स्थित स्मिता रीजेंसी बिल्डिंग में अकेले रहकर ऑनलाइन केमिस्ट्री की कोचिंग देता था। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पत्नी अफगानी हैं। वह उसे छोड़कर अमेरिका चली गई हैं। ATS के मुताबिक, यह लोन वुल्फ अटैक का मामला है। यानी एक ऐसा आतंकवादी हमला, जिसे किसी आतंकी संगठन की मदद या निर्देश के बिना एक अकेला व्यक्ति खुद की योजना बनाकर अंजाम देता है। आरोपी ने नोट्स में ISIS में शामिल होने की इच्छा जताई

माना जा रहा है कि अकेलेपन के दौरान आरोपी इंटरनेट के जरिए कट्टरपंथी बन गया। जांच एजेंसियों ने उसके घर की तलाशी ली। वहां हाथ से लिखे कुछ नोटस् मिले हैं। इन नोट्स में आरोपी ने ISIS में शामिल होने की इच्छा जताई थी।

उसने सिक्योरिटी गार्ड्स पर हमले को किसी आतंकी संगठन में शामिल होने की दिशा में अपना पहला कदम बताया था। आरोपी के घर से कुछ किताबें और आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं। एजेंसियां अब उसके मोबाइल फोन और लैपटॉप की भी जांच कर रही हैं।

CM बोले- आरोपी हिंदुओं पर हमला करना चाहता था

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि यह मामला आत्म-उग्रवादीकरण (सेल्फ-रैडिकलाइजेशन) का लगता है। CM के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कट्टरपंथी बन गया था और जिहाद के नाम पर हिंदुओं पर हमला करना चाहता था। मामले की जांच फिलहाल महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और NIA कर रही है।

Articles you may like: