रांची : झारखंड के गुमला जिले में एक व्यवसायी से करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, तीन अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। यह घटना सोमवार शाम पुटो रोड पर हुई जो घाघरा थाना से लगभग 330 मीटर की दूरी पर स्थित है। बताया गया कि व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था तभी बदमाशों ने उसे निशाना बनाया।
घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया तीन अज्ञात सशस्त्र अपराधियों ने पीड़ित से कुल 500 ग्राम सोने के आभूषण जिनकी कीमत 70 लाख रुपये से अधिक है और 50,000 रुपये नकद लूट लिए। बदमाश दो से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार थे और लूट के दौरान उन्होंने फायरिंग भी की। अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।