नई दिल्ली : आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर विराट कोहली ने युवा क्रिकेटरों के साथ वक्त बिताया और उन्हें प्रेरित किया। वह दिल्ली में अपने बचपन के कोच राजकुमार शर्मा की अकादमी की नई शाखा के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और उभरते खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया।
दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के साथ साझेदारी में राजकुमार शर्मा क्रिकेट अकादमी की शुरुआत की गई है। उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए विराट कोहली ने स्वीकार किया कि स्कूल के माहौल में खड़े होकर भाषण देना उनके लिए थोड़ा असहज था। उन्होंने कहा की मैं काफी समय पहले स्कूल का माहौल छोड़कर क्रिकेट में आ गया था इसलिए यहां बोलना थोड़ा अलग लग रहा है। इसलिए मैं क्रिकेट से जुड़ी बातें ही करना चाहूंगा।
हालांकि अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने स्कूल जीवन के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा की स्कूल एक ऐसी जगह है जहां हम सीखते हैं बड़े होते हैं और एक इंसान के रूप में खुद को विकसित करते हैं। मुझे यह माहौल पसंद है क्योंकि मैं भी इसी दौर से गुजरा हूं।
छात्रों को संबोधित करते हुए विराट कोहली ने साफ तौर पर कहा कि स्कूल के वातावरण और शिक्षकों का सम्मान करना बेहद जरूरी है। उनके शब्दों में शिक्षक अपने जीवन का एक हिस्सा छात्रों को देते हैं इसलिए उनका सम्मान करना और ध्यान लगाकर सीखना बहुत महत्वपूर्ण है।
अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कोहली ने बताया कि उन्होंने बहुत कम उम्र में ही तय कर लिया था कि क्रिकेट ही उनका लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा की मैं अपने सपनों के प्रति ईमानदार रहा। मैंने अपने परिवार और शिक्षकों को भी इसके बारे में साफ बता दिया था।
छात्रों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा की अपने सपनों के प्रति सच्चे रहो और पूरी निष्ठा के साथ उसे हासिल करने की कोशिश करो। तुम खुद समझ पाओगे कि तुम कितने ईमानदार हो।
विराट कोहली ने यह भी बताया कि इस अकादमी से उनका बचपन से गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने आठ साल की उम्र से यहीं प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। उन्होंने कहा की आज भी समय मिलने पर मैं यहां आता हूं। यह जगह मेरे जीवन का बहुत बड़ा हिस्सा है।”
आईपीएल में विराट कोहली 30 अप्रैल को फिर मैदान पर उतरेंगे जहां उनकी टीम का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।